फर्जी एकाउंट पर ट्विटर की कार्रवाई से घटे पीएम मोदी सहित कई हस्तियों के फालोवर्स
प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तिगत टि्वटर हैंडल @narendramodi ने 2,84,746 फालोवरों को गंवाया है, जबकि आधिकारिक टि्वटर हैंडल @PMOIndia ने 140, 635 फालोवरों का गंवाया है।
नई दिल्ली, आइएएनएस। टि्वटर ने निष्क्रिय और लॉक किए खातों को हटाकर अपने मंच को साफ सुथरा बनाना शुरू कर दिया है। टि्वटर के इस कदम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुक्रवार को करीब तीन लाख फालोवर कम हो गए हैं, वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के करीब 17 हजार फालोवर कम हुए। मोदी के फालोवरों की संख्या 43.4 मिलियन से कम होकर 43.1 मिलियन हो गई।
सोशल साइट SocialBlade.com प्रतिदिन के आधार पर टि्वटर पर फालोवरों की संख्या का आकलन करती है। उसके अनुसार प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तिगत टि्वटर हैंडल @narendramodi ने 2,84,746 फालोवरों को गंवाया है, जबकि आधिकारिक टि्वटर हैंडल @PMOIndia ने 140, 635 फालोवरों को गंवाया है। राहुल गांधी के टि्वटर हैंडल @RahulGandhi ने 17,503 फालोवर गंवा दिए हैं, वहीं कांग्रेस नेता शशि थरूर ने 1,51,509 फालोवर गंवा दिए हैं। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के 33 हजार से कुछ ज्यादा फॉलोअर कम हुए हैं। जबकि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के 74 हजार से कुछ ज्यादा फॉलोअर कम हुए हैं। इस बारे में माइक्रो ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म का एक आधिकारिक बयान आया है। इस सप्ताह के शुरू में टि्वटर ने घोषणा की थी कि वह लॉक किए गए खातों को हटा देगा जो संदिग्ध गतिविधियों के कारण अक्षम हैं। ऐसे अनुयायी वैश्विक तौर पर सिर्फ गणना के लिए होते हैं। टि्वटर के इस कदम से हाई प्राफोइल शख्सियतों के फालोवरों की संख्या पर असर पड़ा है।
सोशल साइट SocialBlade.com ने बताया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 91,555 फालोवर कम हुए। जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने 21,878 फालोवर गंवाए हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 53.4 मिलियन में से एक लाख फालोवर कम हो गए हैं। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के 104 मिलियन फालोवरों में से 4 लाख फालोवर कम हो गए हैं। इसके अलावा अभिनेता अमिताभ बच्चन के 424,000, शाहरूख खान के 362,141, सलमान खान के 340,884 के फालोवर कम हो गए हैं। वहीं आमिर खान के 316,900, प्रियंका चोपड़ा के 354,830, दीपिका पादुकोण के 288,298 फालोवर कम हो गए हैं। अभिनेत्री दिव्या दत्ता के सबसे अधिक 493,000 फालोवर कम हो गए हैं।
टि्वटर के लीगल पॉलिसी, ट्रस्ट और सुरक्षा प्रमुख विजय गादडे ने कहा कि हम समझते हैं कि कुछ के लिए यह मुश्किल हो सकता है लेकिन हमें विश्वास है कि सटीक संवाद और पारदर्शिता के कारण टि्वटर को सार्वजनिक वार्तालाप के लिए अधिक भरोसे सेवा बनाती है। इस सप्ताह के शुरू में एक ब्लाग पोस्ट में इस बारे में कहा गया था। लॉक किए गए खाते स्पैम या बॉट से अलग हैं। ज्यादातर मामलों में ये वास्तविक लोगों द्वारा बनाए गए हैं।