'द्रुझबा-दोस्ती', पीएम मोदी को जन्मदिन पर रूस से आया खास संदेश; पुतिन ने बताया असाधारण नेता
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 76वें जन्मदिन पर बधाई दी, भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी में उनके ...और पढ़ें
HighLights
पुतिन ने पीएम मोदी को 76वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं भेजीं।
भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी में पीएम मोदी के योगदान की सराहना की।
'द्रुझबा-दोस्ती' हैशटैग से संबंधों को नई ऊंचाई देने का संकल्प।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 76वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर राष्ट्रपति पुतिन ने भारत और रूस के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए पीएम मोदी के व्यक्तिगत योगदान की सराहना की।
इसके साथ ही, पुतिन ने नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान उन्हें और उनके प्रतिनिधिमंडल को मिली शानदार मेजबानी के लिए पीएम मोदी का आभार भी व्यक्त किया।
रूसी दूतावास ने साझा किया संदेश
भारत स्थित रूसी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में इंस्टाग्राम पर पुतिन को बधाई संदेश साझा किया। इस पोस्ट में विशेष रूप से #DruzhbaDosti (द्रुझबा-दोस्ती) हैशटैग का इस्तेमाल किया गया, जो रूसी शब्द 'द्रुझबा' और हिंदी शब्द 'दोस्ती' का एक अनूठा संगम है।
यह विजन आगामी दशक में दोनों देशों के बीच संबंधों को एक नई ऊंचाई पर ले जाने का संकल्प दर्शाता है।
पीएम मोदी को बताया ठोस और व्यावहारिक
पुतिन के संदेश का अनुवाद करते हुए दूतावास ने लिखा कि पीएम मोदी को अपने देशवासियों से अपार सम्मान और वैश्विक मंच पर ऊंचा रुतबा हासिल है। पुतिन ने कहा, भारत और रूस की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में आपकी व्यक्तिगत भूमिका अतुलनीय है।
उन्होंने पीएम मोदी के साथ हालिया वार्ताओं को ठोस, व्यावहारिक और असाधारण बताते हुए साझा हितों और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर निरंतर सहयोग की प्रतिबद्धता जताई। रूसी राष्ट्रपति ने पीएम मोदी की राजनीतिक समझ और दूरदर्शिता की भी तारीफ की।
बिक्रिस सम्मेलन में हुई थी मुलाकात
हाल ही में 12-13 सितंबर को भारत मंडपम में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन में दोनों नेताओं ने अहम द्विपक्षीय बैठकों के अलावा मध्य पूर्व और काला सागर क्षेत्र के वैश्विक तनावों पर विस्तार से चर्चा की थी। इस दौरे पर दोनों नेताओं के बीच की खास आत्मीयता देखने को मिली, जब वे दोनों देशों के उद्योग मंत्रालयों द्वारा आयोजित प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए एक ही कार में सवाल होकर पहुंचे थे।
दोनों नेताओं का यह व्यक्तिगत तालमेल पहले भी कई मौकों पर नजर आ चुका है।
