विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 19, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

PM Modi Visit: आज महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु जाएंगे पीएम मोदी, कई परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar
Published: Fri, 19 Jan 2024 06:30 AM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 जनवरी को महाराष्ट्र कर्नाटक और तमिलनाडु जाएंगे और तीनों ही राज्यों में विभिन्न विकास परियोजनाओं की ...और पढ़ें

आज महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु जाएंगे पीएम मोदी
आज महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु जाएंगे पीएम मोदी

 एएनआई, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 जनवरी को महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु जाएंगे और तीनों ही राज्यों में विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री सुबह लगभग 10.45 बजे महाराष्ट्र के सोलापुर में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और आधारशिला रखेंगे।

महाराष्ट्र में परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला

सोलापुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री महाराष्‍ट्र में लगभग 2,000 करोड़ रुपये की आठ अमृत (कायाकल्प और शहरी परिवर्तन के लिए अटल मिशन) परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री महाराष्ट्र में पीएमएवाई-शहरी के तहत पूर्ण किए गए 90,000 से अधिक घर सौंपेगे। इसके अलावा, वह सोलापुर में रायनगर हाउसिंग सोसाइटी के 15,000 घर भी सौंपेगे, जिनके लाभार्थियों में हजारों हथकरघा श्रमिक, विक्रेता, पावरलूम श्रमिक, कचरा बीनने वाले, बीड़ी श्रमिक, ड्राइवर और अन्य शामिल हैं।

बोइंग इंडिया के नए परिसर का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री बेंगलुरु में नए अत्याधुनिक बोइंग इंडिया इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी सेंटर (बीआईईटीसी) परिसर का उद्घाटन करेंगे। 1,600 करोड़ रुपये के निवेश से निर्मित, 43 एकड़ का यह परिसर अमेरिका के बाहर बोइंग का सबसे बड़ा निवेश है। भारत में बोइंग का नया परिसर भारत में जीवंत स्टार्टअप, निजी और सरकारी इकोसिस्‍टम के साथ साझेदारी का आधार बन जाएगा, और वैश्विक एयरोस्पेस व रक्षा उद्योग के लिए अगली पीढ़ी के उत्पादों और सेवाओं को विकसित करने में मदद करेगा।

छठे खेलो इंडिया यूथ गेम्स के उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे

शाम को लगभग छह बजे प्रधानमंत्री तमिलनाडु के चेन्नई में छठे खेलो इंडिया यूथ गेम्स के उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वह वहां मुख्य अतिथि होंगे। यह चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। ऐसा पहली बार है कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स दक्षिण भारत में आयोजित किए जा रहे हैं। ये खेल स्पर्धाएं 19 से 31 जनवरी, 2024 तक तमिलनाडु के चार शहरों चेन्नई, मदुरै, त्रिची और कोयंबटूर में होंगी।