विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 03, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'अमरावती सिर्फ शहर नहीं, एक सपना सच होने जैसा', विकसित भारत को लेकर आंध्र प्रदेश में बोले पीएम मोदी

By Agency Edited By: Jeet Kumar
Published: Sat, 03 May 2025 12:59 AM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमरावती में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत की नींव चार प्रमुख ...और पढ़ें

पीएम मोदी बोले अमरावती सिर्फ शहर नहीं, एक सपना सच होने जैसा (फोटो- एक्स)
पीएम मोदी बोले अमरावती सिर्फ शहर नहीं, एक सपना सच होने जैसा (फोटो- एक्स)

HighLights

  1. पीएम मोदी बोले कि अमरावती में आंध्र के युवाओं के सपने साकार होंगे
  2. पीएम ने आंध्र में 58 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ किया
  3. प्रदेश के विकास के लिए पूर्ण सहयोग का दिया आश्वासन

पीटीआई, अमरावती। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यहां 58 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, जिसमें राजधानी अमरावती का निर्माण फिर से शुरू करना भी शामिल है। उन्होंने कहा कि यह महज एक शहर नहीं, बल्कि सपना सच होने जैसा है। यह आंध्र प्रदेश को एक विकसित राज्य में बदलने की ताकत है।

पीएम मोदी ने दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन

अमरावती को उन्होंने एक ऐसा शहर बताया, जहां आंध्र प्रदेश के युवाओं के सपने साकार होंगे। उन्होंने तेदेपा नीत इस दक्षिणी राज्य के विकास के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

अमरावती को राजधानी के रूप में विकसित करना मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जाता है। 2014 में आंध्र प्रदेश का विभाजन हो गया था और हैदराबाद को नवगठित राज्य तेलंगाना की राजधानी बना दिया गया था।

पीएम मोदी ने अमरावती में कई प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया

पीएम मोदी ने अमरावती के संस्थानों, राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे और रक्षा प्रतिष्ठानों सहित 94 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम ने कहा कि आने वाले वर्षों में अमरावती सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, हरित ऊर्जा, स्वच्छ उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा में एक अग्रणी शहर के रूप में उभरेगा।

स्वर्ण आंध्र के निर्माण के लिए यह शुभ संकेत है- पीएम मोदी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण सहित अन्य लोग उपस्थित थे। पीएम ने कहा कि ये परियोजनाएं सिर्फ कंक्रीट की संरचनाएं नहीं हैं, बल्कि ये आंध्र प्रदेश और विकसित भारत की महत्वाकांक्षाओं का मजबूत आधार हैं। हम सभी जानते हैं कि इंद्रलोक की राजधानी का नाम अमरावती था और अब अमरावती आंध्र प्रदेश की राजधानी है। यह महज संयोग नहीं है। स्वर्ण आंध्र के निर्माण के लिए यह शुभ संकेत है।

आगे बोले कि स्वर्ण आंध्र विकसित भारत के मार्ग को प्रशस्त करेगा और अमरावती इसके विजन को ऊर्जा देगा। मैं आंध्र प्रदेश के लोगों और यहां बैठे अपने सहयोगियों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि आप राज्य के विकास के लिए मुझे हमेशा अपने साथ पाएंगे।

मोदी, नायडू ने प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ के तौर पर एक-दूसरे को सराहा

प्रधानमंत्री मोदी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को प्रौद्योगिकी के प्रति प्राथमिकता को लेकर एक-दूसरे की प्रशंसा की तथा शासन के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकी के उपयोग में विशेषज्ञ बताया।

मोदी ने कहा कि वह जब गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे, तो नायडू (उस समय अविभाजित आंध्र के सीएम) का बारीकी से अध्ययन करते थे कि वह किस तरह की पहल कर रहे हैं। इससे उन्होंने बहुत कुछ सीखा। इससे पहले नायडू ने शासन में प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग के लिए प्रधानमंत्री की प्रशंसा की थी।