सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे, पीएम मोदी ने लिया लालकृष्ण आडवाणी का आशीर्वाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने पर लालकृष्ण आडवाणी से आशीर्वाद लिया।

HighLights
पीएम मोदी ने सरकार प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष पूरे किए।
लालकृष्ण आडवाणी से आशीर्वाद लिया, उनकी जनसेवा को सराहा।
जनता का आभार जताया, 2047 तक विकसित भारत का संकल्प दोहराया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने पर पूर्व उप-प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के घर जाकर उनका आशीर्वाद लिया।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट में कहा, आडवाणी जी से उनके घर पर मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। दशकों की उनकी जनसेवा और राष्ट्रीय जीवन में उनके योगदान ने गहरी छाप छोड़ी है। भारत की प्रगति को मजबूती देने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पीएम मोदी से जताया जनता का आभार
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के रूप में सेवा के 25 साल पूरे होने पर देश की जनता का आभार जताया। कहा, "यह सफलता जनता के आशीर्वाद और अटूट सहयोग का परिणाम है। मैं जनता के इस भरोसे के लिए शीश झुकाकर नमन करता हूं।" इसी के साथ विकसित भारत का संकल्प दोहराते हुए उन्होंने 'वी विल डू इट' का नारा दिया।
'भारत को बनाएंगे विकसित राष्ट्र'
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनके जीवन में यह पड़ाव भी आएगा जहां वे सभी देशवासियों को इस तरह धन्यवाद दे सकेंगे। उन्होंने इस अवसर पर वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए वी विल डू ईट का नया नारा दिया। कहा, अंतरिक्ष में कदम, विश्व की तीसरी अर्थ व्यवस्था बनने और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को हम पूरा करेंगे।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
