पीएम मोदी की ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियान के साथ मुलाकात, समुद्री सुरक्षा-व्यापार और निवेश पर हुई बात
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियन से मुलाकात की, जहां व्यापार, निवेश और क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा हुई।
HighLights
पीएम मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियन से ब्रिक्स में मुलाकात की।
नेविगेशन स्वतंत्रता और नागरिक ढांचे की सुरक्षा पर जोर दिया गया।
ईरान ने ब्रिक्स व्यापार में स्थानीय मुद्राओं की वकालत की।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने भारत पहुंचे ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक की। करीब दो सप्ताह के भीतर दोनों नेताओं की यह दूसरी मुलाकात है। इससे पहले 31 अगस्त को किर्गिस्तान के बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन सम्मेलन में दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी।
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ईरान के सामने खड़े आर्थिक संकट एवं रणनीतिक दबाव के बीच मोदी-पेजेश्कियन की मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है। बातचीत में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, ऊर्जा और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के साथ क्षेत्रीय स्थिति पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
नेविगेशन की स्वतंत्रता और नागरिक ढांचे की सुरक्षा पर भारत के जोर
पीएम मोदी ईरानी राष्ट्रपति के सामने नेविगेशन की स्वतंत्रता और नागरिक ढांचे की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठा सकते हैं। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और रणनीतिक जलमार्गों को लेकर बढ़ी चिंताओं के बीच भारत के लिए समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है।
भारत लगातार इस बात पर जोर देता रहा है कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग खुले और सुरक्षित रहने चाहिए तथा संघर्ष के दौरान नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।
BRICS स्थानीय मुद्राओं में कारोबार की वकालत
BRICS बिजनेस फोरम में ईरान के राष्ट्रपति ने ब्रिक्स देशों के बीच व्यापार के लिए राष्ट्रीय मुद्राओं के इस्तेमाल की वकालत की। उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय जटिल दौर से गुजर रही है और भू-राजनीतिक अनिश्चितताएं बढ़ रही हैं। ऐसे में ब्रिक्स देशों को आर्थिक लचीलापन बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।
पेजेश्कियन ने कहा कि ब्रिक्स को ऐसा माहौल तैयार करना चाहिए, जहां कोई देश वित्तीय साधनों पर एकाधिकार के जरिए दूसरे देश के वैध व्यापार को बाधित न कर सके।
यह भी पढ़ें- BRICS में PM मोदी का ट्रंप-ईरान को संदेश, समुद्री रास्तों की सुरक्षा और नाविकों की हिफाजत जरूरी
