फिट इंडिया डायलॉग कार्यक्रम में पीएम मोदी के साथ छाए मिलिंद सोमन समेत रुजुता और झाझरिया भी
फिटनेस को लेकर किए गए संवाद में जहां पीएम मोदी ने अपनी फिटनेस के राज खोले वहीं जो लोग इसमें शामिल थे उन्होंने भी कई रोचक जानकारियां दीं। ये सभी लोग अपनी कामयाबी की बदौलत इस मुकाम तक पहुंचे हैं।
नई दिल्ली (ऑनलाइन डेस्क)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिट इंडिया मूवमेंट की पहली वर्षगांठ के मौके पर फिटनेस जगत की उन हस्तियों से संवाद किया जो आम लोगों के लिए एक आइकॉन हैं। इसका मकसद था देश के आम लोगों के बीच फिटनेस को लेकर जागरुकता पैदा करना। इस दौरान मॉडलिंग, खेल, हैल्थ से जुड़ी जानीमानी हस्तियों से उनकी राय और उनके फिटनेस का राज पूछा गया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने फिटनेस प्रोटोकॉल का शुभारंभ किया। आइए जानें किन खास हस्तियों से हुई इस दौरान चर्चा।
विराट कोहली वर्तमान में तीनों प्रारूपों के कप्तान हैं। वर्ष 2008 में अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का नेतृत्व उन्होंने ही किया था। भारत में खेले जाने वाले घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वो दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते है जबकि इंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तानी करते है। 19 साल की उम्र में कोहली पहली बार श्रीलंका के साथ हुए वनडे मैच में मैदान पर उतरे थे। वर्ष 2011 में क्रिकेट की विश्व कप विजेता भारतीय टीम का भी वो हिस्सा थे। इसी वर्ष उन्होंने टेस्ट क्रिकेट की भी शुरुआत की थी। धौनी के 2014 में टेस्ट क्रिकेट से विदा लेने के बाद कोहली को इस फॉर्मेट में भी कप्तान बनाया गया था। वर्तमान में एकदिवसीय क्रिकेट में कोहली दूसरे सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके नाम एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे तेज 10 हजार और 11 हजार रन बनाने का भी विश्व रिकॉर्ड है।
अभिनेता मिलिंद सोमन फिट रहने के लिए जिम जाने में विश्वास नहीं करते। उन्हें मैराथन में दौड़ते कई लोगों ने देखा है। वर्ष 2015 में उन्होंने ज्यूरिख में आयोजित आयरन मैन प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया था।1988 में उन्होंने मॉडलिंग के जरिए अपने करियर की शुरुआत की थी। वर्ष 1995 में किए गए एक विवादित फोटो शूट को लेकर उन्होंने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। ये एक जूते का विज्ञापन था जिसमें वो मॉडल मधु सप्रे के साथ में पूरी तरह से नग्न थे। इनके बीच एक अजगर को दिखाया गया था। मिलिंद की यह विवादित तस्वीर मॉडलिंग जगत में आइकॉनिक मानी जाती है। इस फोटो को क्लिक करने वाले फोटोग्राफर पीडी गुप्ता को उस वक्त इसके चलते काफी परेशानी उठानी पड़ी थी। कुछ वक्त पहले अपनी से आधी उम्र की लड़की से शादी करने के चलते भी सोमन मीडिया की सुर्खियां बने थे।
जम्मू कश्मीर की महिला फुटबॉलर अफशां आशिक को उनके ही परिवार का सपोर्ट नहीं मिला था। इसके बाद भी उन्होंने मुंबई आकर अपनी प्रैक्टिस करने का फैसला लिया था। 2017 में श्रीनगर में पुलिस पर पत्थर फेंकने के कारण वो सुर्खियों में आईं थी। अफशां भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और केप्टन कूल के नाम से मशहूर एमएस धौनी की फैन हैं। जम्मू कश्मीर की महिला फुटबॉल टीम में वो गोलकीपर के तौर पर खेली हैं। 2019 में इंडियंस वुमेंस लीग में वो एफसी कोल्हापुर की तरफ से मैदान पर उतरी थीं। इसके अलावा वो श्रीनगर में फुटबॉल की ट्रेनिंग भी देती हैं।
रुजुता दिवेकर एक सेलीब्रिटी डायटीशियन के रूप में पहचानी जाती हैं। उनके क्लाइंट में देश के जाने माने लोग शामिल हैं। मुकेश अंबानी के बेटे अनंत का वजन कम कर उन्हें एक बेहतरीन लुक देने के पीछे भी रुजुता का ही नाम है। अनंत ने उनकी बातों को ही फॉलो कर करीब 108 किलो वजन कम किया था।
मुकुल कानितकर आरएसएस के विचारक हैं। वे इससे जुड़े भारतीय शिक्षण मंडल के राष्ट्रीय संगठन मंत्री हैं। वो मानते हैं कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अर्थ कमाने का जरिया नही बल्कि समाज व राष्ट्र सेवा है। मुकुल कानिटकर ने पीएम मोदी से बात करते वक्त बताया कि हर शख्स को गीता पढ़ना चाहिए,ये रिटायरमेंट के बाद की चीज नहीं है आप गीता पढ़ेंगे तो रिटायर ही नहीं होंगे।
देवेंद्र झाझरिया दो बार के पैरालंपिक स्वर्ण विजेता बन चुके हैं। महज 9 वर्ष की आयु में एक हादसे में उनका एक हाथ कट गया था। लेकिन अपनी मां के दिए हौसले की बदौलत वो दोबारा खेल सके। उन्होंने इस मुहिम के लिए पीएम मोदी का धन्यवाद भी किया। वर्ष 2012 में उन्हें भारत सरकार ने पद्म श्री से सम्मानित किया था। उन्होंने सबसे पहले साइकिल के टायर के ट्यूब से एक्ससाइज करना शुरू किया था।