विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PM मोदी की मलेशिया और इथियोपिया के पीएम के साथ द्विपक्षीय वार्ता, रक्षा साझेदारी पर बनी सहमति

Published: Sat, 12 Sep 2026 07:23 PM (GMT+05:30)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले मलेशिया और इथियोपिया के प्रधानमंत्रियों से अलग-अलग द्विपक्षीय वार्ता की।

पीएम मोदी की मलेशिया और इथियोपिया के पीएम के साथ द्विपक्षीय वार्ता।

पीएम मोदी की मलेशिया और इथियोपिया के पीएम के साथ द्विपक्षीय वार्ता।

HighLights

  1. पीएम मोदी ने मलेशिया और इथियोपिया के पीएम से मुलाकात की।

  2. दोनों देशों ने भारत से रक्षा संबंध मजबूत करने की इच्छा जताई।

  3. सेमीकंडक्टर और रणनीतिक साझेदारी पर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई।

जयप्रकाश रंजन, जागरण। नई दिल्ली ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की शुरुआत से पहले शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मलेशिया और इथियोपिया के प्रधानमंत्रियों के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठक हुई। दोनों देशों ने भारत के साथ रक्षा संबंधों को मजबूत बनाने की इच्छा जताई है।

भारत ने पहले ही इन दोनों देशों के साथ आपसी संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया है। दक्षिण-पूर्व एशिया में चीन की आक्रामक नीतियों के कारण मलेशिया अपनी रक्षा तैयारियों को तेज कर रहा है, जबकि इथियोपिया में प्रधानमंत्री आबी अहमद की सरकार सैन्य आधुनिकीकरण पर जोर दे रही है।

ऐसे में भारतीय रक्षा उद्योग के लिए दोनों देशों में व्यापक संभावनाएं दिख रही हैं। इसी वजह से प्रधानमंत्री मोदी की इन दोनों नेताओं से हुई बैठकों को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पीएम मोदी ने नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से द्विपक्षीय मुलाकात की। मलेशिया को आसियान संगठन के अध्यक्ष के तौर पर आमंत्रित किया गया है। मोदी ने भागीदार देश के रूप में ब्रिक्स शिखर में मलेशिया की भागीदारी की सराहना की। दोनों नेताओं ने फरवरी 2026 में पीएम मोदी की मलेशिया यात्रा के परिणामों का जायजा लिया।

उन्होंने व्यापार-निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, बुनियादी ढांचा, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, फिनटेक, शिक्षा, पर्यटन और जन-जन के बीच संबंधों सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की।

मलेशियाई पीएम ने अपने देश सबाह के कोटा किनाबालू में भारत का महावाणिज्य दूतावास स्थापित करने पर मलेशिया की सहमति व्यक्त की। आसियान व भारत के संबंधों पर भी चर्चा हुई है। साथ ही अन्य प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दे भी उठे। भारत-मलेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

मोदी से मुलाकात के बाद मलेशियाई प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह सीधे हैदराबाद हाउस पहुंचे और अपने प्रिय मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले। हमने मलेशिया-भारत के घनिष्ठ संबंधों की गति को जारी रखने और दोनों देशों के लोगों के बीच लंबे इतिहास तथा गर्मजोशी भरे रिश्तों पर आधारित मित्रता को और मजबूत करने पर सहमति जताई।

चर्चा का मुख्य केंद्र सेमीकंडक्टर उद्योग जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना रहा।पीएम मोदी ने इथियोपिया के पीएम डॉ. आबी अहमद अली से भी मुलाकात की। बैठक नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में हुई। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की।

उन्होंने आर्थिक सहयोग, रक्षा एवं सुरक्षा साझेदारी तथा क्षमता निर्माण जैसे प्रमुख क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की। पीएम मोदी ने दिसंबर, 2025 में अदीस अबाबा की ऐतिहासिक यात्रा की थी और तब कई घोषणाएं हुई थी। उन घोषणाओं की फिर से समीक्षा की गई।

दोनों नेताओं ने आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी विचार साझा किए तथा बहुपक्षीय मंचों पर घनिष्ठ सहयोग की प्रतिबद्धता दोहराई।

पीएम मोदी ने कहा कि 18वें ब्रिक्स शिखर में इथियोपिया की भागीदारी से ग्लोबल साउथ की सामूहिक आवाज को मजबूत मिली है।