प्रधानमंत्री मोदी के 1500 उपहारों की आज से होगी ई-नीलामी, जानें लिस्ट में कौन-कौन से गिफ्ट शामिल?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले लगभग 1,500 यादगार उपहारों की ई-नीलामी 17 सितंबर से शुरू होकर 31 अक्टूबर तक चलेगी।

प्रधानमंत्री मोदी को मिले 1,500 उपहारों की ई-नीलामी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मिले लगभग 1,500 यादगार उपहार 17 सितंबर से शुरू होने वाली ई-नीलामी का हिस्सा होंगे। इनमें भगवान राम की चांदी की मूर्ति, राधा-कृष्ण की सोने की परत वाली कलाकृति, फ्रंटलाइन युद्धपोत आइएनएस सूरत और नीलगिरी के मॉडल और कुछ खेल से जुड़ी यादगार चीजें शामिल हैं।
केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि ई-नीलामी 31 अक्टूबर तक चलेगी।देश के अलग-अलग हिस्सों में मोदी को भेंट किए गए यादगार तोहफों और उपहारों का एक सेट भी एनजीएमए में प्रदर्शित किया जाएगा।
इनमें नौसेना के स्टील्थ फ्रिगेट आइएनएस नीलगिरी और मिसाइल डिस्ट्रायर आइएनएस सूरत के माडल शामिल हैं, जिन्हें पिछले साल 15 जनवरी को पीएम की मौजूदगी में कमीशन किया गया था।
दोनों माडलों पर लगे लेबल के अनुसार, इन्हें नौसेना प्रमुख ने कमीशनिंग के दौरान पीएम को भेंट किया था। इस साल ई-नीलामी में 1,498 वस्तुएं शामिल हैं।
मंत्रालय ने कहा कि पीएम की यादगार चीजों की ई-नीलामी भारत की विरासत, कला, कारीगरी और सांस्कृतिक विविधता का जश्न मनाती है।
यह लोगों की भागीदारी को बढ़ावा देती है और 'नमामि गंगे कार्यक्रम' के जरिए एक अहम राष्ट्रीय मकसद में योगदान देती है। शेखावत ने बताया कि पहले सात ई-नीलामी के दौरान 7,400 से अधिक चीजों की नीलामी हुईं, जिनसे ₹52 करोड़ मिले।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
