विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'रोजगार बढ़ाने के लिए हर मोर्चे पर काम कर रही सरकार', पीएम मोदी ने 51 हजार युवाओं को बांटे गए नियुक्ति पत्र

Published: Sat, 19 Sep 2026 06:45 PM (IST)

प्रधानमंत्री मोदी ने 20वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे, युवा शक्ति को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा।

पीएम मोदी ने 51 हजार युवाओं को बांटे गए नियुक्ति पत्र।

पीएम मोदी ने 51 हजार युवाओं को बांटे गए नियुक्ति पत्र।

HighLights

  1. 20वां रोजगार मेला आयोजित, 51 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र बांटे गए।

  2. पीएम मोदी ने युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा।

  3. सरकार शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता के लिए लगातार काम कर रही है।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कुछ माह के अंतराल के बाद आयोजित रोजगार मेले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर युवा शक्ति से विकसित भारत के संकल्प को जोड़ा। साथ ही यह भरोसा दिलाने का प्रयास किया कि युवाओं की शिक्षा से लेकर रोजगार और उद्यमिता के लिए सरकार सतत काम कर रही है।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरण का शुभारंभ करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश में रोजगार बढ़ाने के लिए सरकार हर मार्चे पर काम कर रही है।

शनिवार को आयोजित यह 20वां रोजगार मेला था, जिसमें 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे गए। इस तरह सरकारी आंकड़े के मुताबिक, प्रधानमंत्री की इस पहल के तहत दिए गए रोजगार का कुल आंकड़ा अब 12.75 लाख पर पहुंच चुका है। रोजगार मेले का यह क्रम पीएम द्वारा 2022 में दस लाख कुल नौकरियों के लक्ष्य के साथ शुरू किया गया था।

शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी ने रोजगार मेले में कहा कि आज आप सभी एक ऐसे समय में भारत सरकार से जुड़े हैं, जब देश एक बहुत बड़े लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। ये लक्ष्य है- 2047 तक विकसित भारत बनाने का। इसमें आप जैसे युवाओं की बहुत बड़ी भूमिका है। युवा होने के नाते विशेष तौर पर अन्य युवाओं के प्रति आपकी विशेष जिम्मेदारी है।

आज आप देख रहे हैं कि हमारे युवाओं के टैलेंट और स्किल्स ने पूरी दुनिया का भरोसा जीता है। दुनिया को हमारी युवा शक्ति से बहुत उम्मीदें है। हाल ही में हुए ब्रिक्स सम्मेलन से हर वर्ग को लाभ का दावा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने बीते कुछ वर्षों में करीब 40 देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट भी किए हैं। ये एफटीए हमारे युवाओं के लिए संभावनाओं के नए द्वार बना रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि बीते वर्षों में भारत सरकार का निरंतर जोर युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करने पर रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति, स्किल इंडिया मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना या अप्रेंटिसशिप को बढ़ावा देने के प्रयास। हमारी कोशिश है कि युवाओं की पढ़ाई और उनका कौशल बदलती इकोनॉमी की जरूरतों के साथ चलें।

स्टार्टअप ईकोसिस्टम को भारत के युवाओं का सामर्थ्य बताते हुए कहा कि आज गांव, कस्बे और छोटे शहर का युवा भी भारत की नई इकोनॉमी में अपनी भूमिका बड़ी बना रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सरकार का प्रयास है कि निजी क्षेत्र में भी रोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़ें। इसी सोच के साथ प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना शुरू की गई है। इस योजना पर करीब एक लाख करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

दुनिया की तमाम रेटिंग एजेंसियों द्वारा भारत की रेटिंग सुधारे जाने का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये प्रगति ऐसे समय में हो रही है, जब दुनिया अनेक अनिश्चितताओं से गुजर रही है। भारत के इस विकास के पीछे बीते वर्षों के सुधारों का बड़ा योगदान है। आपको अपने कार्यकाल में निरंतर सुधारों को और गति देनी है। हर स्तर पर देश में रिफॉर्म एक्सप्रेस का लगातार फुल स्पीड में चलना जरूरी है।