विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पीएम मोदी की कनाडा यात्रा की तारीखों पर अभी चल रही चर्चा', विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी

Published: Fri, 16 Oct 2026 11:18 PM (IST)

विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कनाडा यात्रा की तारीखों पर अभी दोनों पक्षों के बीच चर्चा जारी है।

पीएम मोदी की कनाडा यात्रा पर चर्चा जारी है

पीएम मोदी की कनाडा यात्रा पर चर्चा जारी है

HighLights

  1. पीएम मोदी की कनाडा यात्रा पर चर्चा जारी है।

  2. विदेश मंत्रालय ने तारीखों की पुष्टि नहीं की।

  3. कनाडाई वित्त मंत्री ने पीएम मोदी से मुलाकात की।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कनाडा यात्रा की तारीखों को लेकर दोनों पक्षों के बीच अभी चर्चा चल रही है। मंत्रालय के इस बयान से पहले ओटावा स्थित भारतीय उच्चायोग ने कहा कि पीएम मोदी 11-12 दिसंबर को कनाडा की यात्रा करेंगे। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने भी गुरुवार को पीएम मोदी के दौरे की तारीख की पुष्टि की थी।

प्रेसवार्ता के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से दिसंबर में पीएम मोदी की प्रस्तावित कनाडा यात्रा की तारीखों के संबंध में आई खबरों पर सवाल किया गया था। उन्होंने बताया कि तारीखों पर दोनों पक्षों के बीच फिलहाल चर्चा जारी है।

इससे पहले कनाडा में भारतीय उच्चायोग ने गुरुवार को इंटरनेट मीडिया पर एक पोस्ट में कहा था कि पीएम मोदी 11 और 12 दिसंबर को कनाडा की यात्रा करेंगे। पोस्ट में कहा गया, 'प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ हालिया बातचीत में दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में आई सकारात्मक गति को बढ़ाने और व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा व दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क समेत विभिन्न क्षेत्रों में ठोस नतीजे हासिल करने की दिशा में काम करने पर सहमति जताई है।' पीएम मोदी की अपने कनाडाई समकक्ष के साथ मंगलवार को फोन पर बातचीत हुई थी। पीएम मोदी ने इस बातचीत को सौहार्दपूर्ण और सार्थक बताया था।

कनाडाई वित्त मंत्री ने पीएम मोदी से की मुलाकात

एएनआइ के अनुसार, भारत दौरे पर आईं कनाडा की वित्त मंत्री अनीता आनंद ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच व्यापार समझौते समेत विभिन्न क्षेत्रों में संबंधों को प्रगाढ़ करने पर चर्चा हुई।

कनाडाई सरकार की ओर से गुरुवार को जारी बयान के अनुसार, यह बैठक भारत-कनाडा रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर केंद्रित थी, जिसमें व्यापार, निवेश, ऊर्जा, शिक्षा और सुरक्षा सहयोग शामिल है।

सोर्स-न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार