PM मोदी के भजन क्लबिंग पर सियासत, प्रियांक खरगे बोले- ECI पर जवाब के लिए समय नहीं; BJP ने भी किया पलटवार
पीएम मोदी के 'भजन क्लबिंग' कार्यक्रम में शामिल होने पर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गए हैं। प्रियंक खरगे ने ...और पढ़ें

पीएम मोदी के भजन क्लबिंग पर सियासत।
HighLights
पीएम मोदी ने दिल्ली में 'भजन क्लबिंग' कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
प्रियंक खरगे ने पीएम पर चुनाव आयोग के सवालों से बचने का आरोप लगाया।
भाजपा ने कांग्रेस पर भारतीय संस्कृति के अपमान का आरोप लगाते हुए पलटवार किया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी के 'भजन क्लबिंग' कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गए हैं। कर्नाटक के मंत्री और कांग्रेस नेता प्रियंक खरगे के एक तंज के बाद भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और कांग्रेस पर भारतीय संस्कृति व विरासत के अपमान का आरोप लगाया है।
पहले समझिए क्या है पूरा मामला?
शुक्रवार शाम को राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'भजन क्लबिंग' के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। संघ परिवार के विचारक दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के मौके पर भाजपा मुख्यालय के सामने स्थित एक पार्क में यह आयोजन हुआ था। पहली पंक्ति में बैठे पीएम मोदी ने भगवान राम के भजन पर ताली बजाई और मंजीरे जैसी वाद्य यंत्र का भी आनंद लिया।
बता दें कि 'भजन क्लबिंग' असल में युवाओं के बीच लोकप्रिय हो रहा एक आधुनिक ट्रेंड है, जिसमें बिना किसी नशे या क्लब कल्चर के, कॉन्सर्ट जैसे माहौल में पारंपरिक भक्ति गीत गाए और बजाए जाते हैं।
प्रियंक खरगे ने भजन क्लबिंग पर कसा तंज
कर्नाटक सरकार के मंत्री प्रियंक खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी के इस कार्यक्रम में शामिल होने पर सवाल उठाया। उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी के पास 'भजन क्लबिंग' के लिए समय है, लेकिन चुनाव आयोग से जुड़े गंभीर सवालों के जवाब देने के लिए उनके पास वक्त नहीं है।
खरगे ने आरोप लगाया कि पिछले 13 सालों से एक पैटर्न देखा जा रहा है कि जब भी सरकार से मुश्किल सवाल पूछे जाते हैं, प्रधानमंत्री जवाब देने से बचते हैं और जश्न में व्यस्त रहते हैं।
भाजपा ने किया तीखा पलटवार
कांग्रेस नेता के इस बयान पर भाजपा प्रवक्ता सीआर केसवन ने कड़ा ऐतराज जताया और इसे भारत की 'भजन और भक्ति' की सभ्यता का अपमान बताया। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर भारत की सांस्कृतिक विरासत का मजाक उड़ाया है। उन्होंने प्रियंक खरगे को 'जूनियर खड़गे' कहते हुए तंज कसा कि वह केवल कांग्रेस के शीर्ष परिवार की तारीफ करना जानते हैं।
राहुल गांधी से पूछे तीखे सवाल
इतना ही नहीं भाजपा ने पलटवार करते हुए पूछा कि क्या प्रियंक खरगे में इतनी हिम्मत है कि वह राहुल गांधी के नेतृत्व में लगातार मिल रही चुनावी हार पर सवाल उठा सकें? भाजपा ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने 3 लोकसभा चुनाव और लगभग 100 विधानसभा चुनावों में हार का सामना किया है।
