भारत का सहयोगी है और बना रहेगा ‘नेपाल’: मोदी
समृद्ध नेपाल और सुखी नेपाल के लिए भारत सरकार अपने पड़ोसी देश की मदद करती रहेगी।
नई दिल्ली (प्रेट्र)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अनुसार, विकास और समृद्धि में भारत नेपाल का सहयोगी है और बना रहेगा। नेपाल यात्रा से पहले उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी यात्रा से दोनों देशों के बीच परस्पर लाभ, समझदारी और सद्भावना आधारित संबंध और प्रगाढ़ होंगे।
मोदी की यात्रा को इस हिमालयी देश के साथ भारत के संबंधों को सामान्य बनाने का प्रयास माना जा रहा है। पिछले कुछ दिनों के दौरान कुछ मुद्दों को लेकर दोनों देशों के संबंधों में खटास रहा है। मोदी ने कहा कि नेपाल लोकतंत्र के नए युग में प्रवेश कर रहा है। यह तेजी से आर्थिक विकास कर रहा है। समृद्ध नेपाल और सुखी नेपाल के लिए भारत सरकार अपने पड़ोसी देश की मदद करती रहेगी।
उल्लेखनीय है कि पिछले माह नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली नई दिल्ली की यात्रा पर आए थे। संबंधों में सुधार को गति देने एक माह के अंतराल पर अब मोदी नेपाल जा रहे हैं।