विदेश में 16 बार कपड़े बदलते हैं मोदी : राहुल गांधी
बिहार के शेखपुरा के बदबीघा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोला है। नीतीश कुमार और मोदी की तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि, 'मोदी विदेश जाते हैं तो वहां 16 बार कपड़े बदलते हैं जबकी नीतीश केवल सफेद रंग में
पटना। बिहार के शेखपुरा के बदबीघा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोला है। नीतीश कुमार और मोदी की तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि, 'मोदी विदेश जाते हैं तो वहां 16 बार कपड़े बदलते हैं जबकी नीतीश केवल सफेद रंग में नजर आते हैं। मैंने कहा कि यह सूटबूट की सरकार है तो उसके बाद उन्होंने कभी सूट नहीं पहना।'
भाजपा पर निशाना साधते हुए बोला कि, 'भाजपा केवल नफरत फैलाना जानती है लेकिन हम प्यार फैलाते हैं' पीएम को लेकर बोले कि, मोदी जी कहते हैं मेंरे मन में ये है, वो है, कभी पूछा गरीब के मन में क्या है। मोदी जी सोचते हैं ग्यान केवल पूंजीपतियों और ब्यूरोक्रेट्स में है, आम लोगों में नहीं। महाराष्ट्र में बिहार के लोगों को भगा दिया जाता है हम चाहते हैं उन्हें यहां काम मिले।'
उन्होंने आगे कहा कि, पीएम ने वादा किया था सबको 15 लाख मिलेंगे लेकिन आज तक नहीं मिले। अगर बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देना था तो एक साल तक क्यों नहीं दिया।'
इससे पहले बेगूसराय के बछवाड़ा में अपनी चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री को विदेश घूमने से ही फुर्सत नहीं है, ऐसे में लोकसभा चुनाव से पहले किए गए वादें कैसे पूरा करें।
उन्होंने आगे कहा कि देश में पीएम के न होने के चलते महंगाई अपने चरम पर पहुंच चुकी है। युवा निराश हैं और विकास के सारे कार्य ठप हो गए हैं। सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री अपना अधिकतर समय विदेशों में गुजार रहे हैं। ऐसे में देश में क्या चल रहा है उसकी उन्हें जानकारी ही नहीं है। नरेंद्र मोदी की सरकार सूट-बूट वाली है। गरीबों और किसानों के लिए न तो उनके पास वक्त है और न ही उनके लाभ की कोई योजना।
राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव से पहले युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन उन्होंने युवाओं को निराश किया। न तो रोजगार दिया और न ही रोजगार बढ़ाने के लिए कोई कार्य किया। प्रधानमंत्री के विदेश में रहने के कारण देश में सारी व्यवस्थाएं पटरी से उतर चुकी हैं। महंगाई चरम पर है। गरीबों की थाली से प्याज, दाल और टमाटर गायब हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पक्ष में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि नीतीश के निर्देशन में बिहार ने खूब प्रगति की है। चुनाव से पहले उन्होंने यहां की जनता से जो वादा किया था, उसे पूरा किया। विकास की पटरी से उतर चुके बिहार में विकास की गंगा बहाई। सभा में राहुल गांधी ने महागठबंधन के नेताओं को जिताने की अपील की।
कांग्रेस उपाध्यक्ष की बछवाड़ा के बाद बरबीघा और चेनारी में भी चुनावी सभा है। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी और अन्य नेता भी हैं।