झूठ बोल रहा पाक, हाफिज सईद के खिलाफ बहुत सारे सुबूत : हामिद करजई
अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने कहा है कि आतंकी घोषित हाफिज सईद के खिलाफ बहुत सारे सुबूत हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा आतंकी घोषित हाफिज सईद के खिलाफ बहुत सारे सुबूत हैं। कुछ दिन पहले ही पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी ने 2008 के मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड सईद को क्लीनचिट दे दी थी।
अमेरिका ने जमात-उद-दावा को 1987 में सईद द्वारा स्थापित लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी मोर्चा कहा था। 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों को अंजाम देने में लश्कर ही जिम्मेदार था। हमलों में 166 लोगों की जान गई थी।
करजई से गुरुवार को नई दिल्ली में रायसीना संवाद से इतर सईद को पाकिस्तानी प्रधानमंत्री द्वारा क्लीनचिट देने और उसके खिलाफ सुबूत नहीं होने की बात कहे जाने के बारे में पूछा गया। पूर्व अफगान राष्ट्रपति ने संवाददाताओं से कहा, 'ओह। कई सुबूत हैं। और सभी को पता है।'
गौरतलब है कि अब्बासी ने मंगलवार को जियो टीवी पर एक इंटरव्यू में सईद को साहिब कहा था। जमात-उद-दावा प्रमुख को नवंबर में पाकिस्तान ने नजरबंदी से रिहा किया था।
यह भी पढ़ें: हाफिज सईद के खिलाफ पाकिस्तान में कोई केस दर्ज नहीं: पाक PM