विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल से इस्तांबुल जा रही फ्लाइट के इंजन में लगी आग, कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग

Published: Wed, 04 Feb 2026 04:35 PM (IST)Updated: Wed, 04 Feb 2026 06:45 PM (IST)

काठमांडू से इस्तांबुल जा रही तुर्किश एयरलाइंस की उड़ान THY-727 को तकनीकी खराबी के कारण कोलकाता मोड़ दिया गया। उड़ान ...और पढ़ें

HighLights

  1. तुर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट THY-727 में इंजन खराबी।

  2. काठमांडू से इस्तांबुल जा रही उड़ान कोलकाता मोड़ी गई।

  3. सभी 236 यात्री और 11 क्रू सदस्य सुरक्षित।

राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। काठमांडू से इस्तांबुल जा रहे तुर्किश एयरलाइंस के एक बड़े विमान (वाइडबाडी एयरक्राफ्ट) को बुधवार दोपहर तकनीकी खराबी के कारण अचानक कोलकाता की ओर मोड़ना पड़ा।

विमान ने नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी ही थी कि उसके एक इंजन में गंभीर खराबी का पता चला। पायलटों की सूझबूझ और तत्परता के कारण विमान में सवार सभी 236 यात्रियों और चालक दल के 11 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक तुर्किश एयरलाइंस की उड़ान संख्या टीएचवाई-727 ने दोपहर 1.29 बजे काठमांडू से टेक-आफ किया था। आसमान में चढ़ाई के दौरान ही पायलटों को विमान के दो में से एक इंजन के काम करना बंद करने का संकेत मिला।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलटों ने तुरंत काठमांडू एटीसी को सूचित किया और स्थिति का आकलन करने के लिए धाडिंग जिले के धरके क्षेत्र के ऊपर विमान को कुछ समय तक होल्ड पर रखा।

जोखिम टालने के लिए कोलकाता का चुनाव

जांच के बाद चालक दल ने निष्कर्ष निकाला कि एक इंजन के सहारे लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ान जारी रखना सुरक्षित नहीं है। हालांकि, विमान के पास काठमांडू लौटने या भैरहवा हवाई अड्डे पर उतरने का विकल्प मौजूद था, लेकिन सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता देते हुए चालक दल ने कोई भी जोखिम न लेने का निर्णय लिया और विमान का रुख भारत के कोलकाता की ओर मोड़ दिया।

कोलकाता में सुरक्षित लैंडिंग

कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि आपातकालीन प्रोटोकाल के बीच विमान दोपहर 3.03 बजे हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से लैंड कर गया। उतरने के बाद विमान की गहन तकनीकी जांच की जा रही है और यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। विमान में कुल 236 यात्री और 11 क्रू मेंबर सवार थे, जो पूरी तरह सुरक्षित हैं।

मणिपुर से सालभर बाद हटा राष्ट्रपति शासन, BJP ने सरकार बनाने का दावा किया पेश