'जीरो चेक कर लो भाई', विधान परिषद चुनावों में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन पर पीयूष गोयल का तंज
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने विधान परिषद चुनावों में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन पर राहुल गांधी को AI तस्वीर के जरिए निशाना साधा।

कांग्रेस की हार पर पीयूष गोयल का तंज

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। चार राज्यों में विधान परिषद चुनाव के नतीजों को लेकर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से बनी तस्वीर के जरिये कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। सोशल मीडिया एक्स पर ये तस्वीर जारी करते हुए उन्होंने पोस्ट में लिखा- जीरो चेक कर लो भाई।
गौरतलब है कि यह तस्वीर उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक में विधान परिषद चुनावों में कांग्रेस की हार के बाद साझा की गई। कांग्रेस चारों राज्यों में कुल 28 सीटों पर चुनाव लड़ी थी, लेकिन उसे नागपुर की केवल एक सीट पर जीत मिल सकी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीयूष गोयल की ओर से साझा की गई तस्वीर में राहुल गांधी को पेट्रोल पंप कर्मी के रूप में दिखाया गया है। तस्वीर में पेट्रोल भरने वाली मशीन पर उन चारों राज्यों के नाम लिखे हैं, जहां चुनाव हुए थे। वहीं, मशीन के मीटर पर '0.00' लिखा है। यह चुनावों में कांग्रेस की सीटों की संख्या शून्य होने का संकेत है। हालांकि, कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली है।
यह पोस्ट चुनाव नतीजों के बाद भाजपा और उसके नेताओं की ओर से शुरू किए गए व्यापक सोशल मीडिया अभियान का हिस्सा थी। भाजपा ने चुनाव नतीजों आने के बाद कांग्रेस पर निशाना साधा। पार्टी ने चारों राज्यों में हुए चुनावों में कांग्रेस के एक भी सीट नहीं जीत पाने को लेकर हमला बोला।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के कई अन्य नेताओं ने भी कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को लेकर कांग्रेस की बार-बार की जाने वाली आलोचना और मतपत्र से मतदान कराने की मांग पर सवाल उठाए। सत्तारूढ़ भाजपा का कहना है कि चुनाव के नतीजों से चुनाव प्रक्रिया पर विपक्ष के आरोप कमजोर पड़ गए हैं।
