विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अराजकता पैदा कर सत्ता हथियाना चाहती है कांग्रेस', रिजीम चेंज की टिप्पणी पर पीयूष गोयल ने साधा निशाना

Published: Fri, 16 Oct 2026 11:11 PM (GMT+05:30)

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कांग्रेस पर देश में अराजकता फैलाकर सत्ता हथियाने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।

पीयूष गोयल ने कांग्रेस पर सत्ता हथियाने का आरोप लगाया।

पीयूष गोयल ने कांग्रेस पर सत्ता हथियाने का आरोप लगाया।

HighLights

  1. पीयूष गोयल ने कांग्रेस पर सत्ता हथियाने का आरोप लगाया।

  2. प्रशांत भूषण के 'रिजीम चेंज' बयान पर विवाद गहराया।

  3. भाजपा नेताओं ने कांग्रेस की मंशा पर सवाल उठाए।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कांग्रेस पर देश में अराजकता पैदा कर सत्ता हथियाने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ‘रिजीम चेंज’ (सत्ता परिवर्तन) शब्द का इस्तेमाल करने से साफ है कि विपक्ष की लड़ाई चुनाव सुधारों, मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) या मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और देश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर नहीं है।

पीयूष गोयल की 'एक्स' पर यह टिप्पणी एक प्रेस कान्फ्रेंस में वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण के ‘रिजीम चेंज’ संबंधी बयान को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच आई है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘जंग की लकीर खिंच गई है।

एक तरफ दिमागी नक्सल हैं और दूसरी तरफ देशभक्त भारतीय। एक तरफ भारत के संविधान में विश्वास करने वाले हैं और दूसरी तरफ अराजकतावादी।’ एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा, ‘प्रिय देशभक्त भारतीयों... याद रखें- अपने दुश्मनों को एक बार, दोस्तों को दो बार माफ करें, लेकिन गद्दारों को कभी नहीं।’

उन्होंने प्रशांत भूषण के दो वीडियो पोस्ट किए और लिखा, ‘वे कश्मीर और पूर्वोत्तर को भारत से अलग करना और भारत को तोड़ना चाहते हैं।’ रिजीजू ने भूषण की हालिया तस्वीर भी पोस्ट की, जिसमें वह कांग्रेस नेताओं के साथ नजर आ रहे हैं।

पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री और भाजपा नेता धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि जब भी चुनावी प्रक्रिया से मनचाहे नतीजे नहीं मिलते तो कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास फैलाने की कोशिश करती है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा 1975 में लगाए गए आपातकाल का जिक्र करते हुए प्रधान ने कहा कि यह उसी अलोकतांत्रिक कांग्रेसी मानसिकता को दर्शाता है, जिसने कभी देश के नागरिकों के अधिकारों को कुचल दिया था।

संविधान की प्रति लेकर घूमने के बावजूद राहुल गांधी असंवैधानिक तरीके से काम करते हैं और इसी वजह से जनता ने उन्हें बार-बार खारिज किया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 'एक्स' पर लिखा, 'सब कुछ उजागर हो गया!!

आखिरकार, यह सब रिजीम चेंज के लिए था... अंत में, दिल में छिपा राज जुबान पर आ ही गया! पूरा खेल सत्ता की कुर्सी हथियाने का है... इसके लिए छात्रों और किसानों को भड़काना, जाति व भाषा के नाम पर नफरत फैलाना या देश की प्रतिष्ठित संस्थाओं की छवि धूमिल करने समेत कुछ भी क्यों न करना पड़े? आंदोलन की आड़ में अराजकता फैलाना ही उनका मकसद है।' फडणवीस ने प्रशांत भूषण की प्रेस कान्फ्रेंस का एक वीडियो भी साझा किया।

सोर्स- न्यूज एजेंसी आइएएनएस के इनपुट के अनुसार