अमेरिका-ईरान तनाव के बीच UN में महामंथन, न्यूयॉर्क रवाना होंगे पेजेश्कियान; ट्रंप बोले- ईरानी राष्ट्रपति से मिलने के लिए तैयार
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सत्र में शामिल होने न्यूयॉर्क जा रहे हैं। अमेरिका-ईरान तनाव ...और पढ़ें

23 सितंबर को महासभा को संबोधित करेंगे पेजेश्कियान (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच मंगलवार से शुरू हो रहे संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सत्र में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान भी शामिल होंगे।
सात महीने से अमेरिका-ईरान के बीच जारी सैन्य संघर्ष के बीच उनकी न्यूयार्क यात्रा पर दुनिया की नजर रहेगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भी पेजेश्कियान से मुलाकात के लिए खुलापन जताया है, हालांकि दोनों नेताओं की बैठक अभी तय नहीं हुई है।
ईरानी समाचार एजेंसी इरना के अनुसार, पेजेश्कियान मंगलवार को न्यूयार्क रवाना होंगे और 23 सितंबर को महासभा को संबोधित करेंगे। वह अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम, खासकर अमेरिका-इजरायल के साथ जारी युद्ध पर ईरान का पक्ष रखेंगे।
इसके अलावा विभिन्न देशों के नेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे। उनके साथ विदेश मंत्री अब्बास अराघची समेत उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल रहेगा।
फॉक्स न्यूज से बातचीत में एक सवाल पर ट्रंप ने कहा कि वह ईरानी राष्ट्रपति से मिल सकते हैं। ट्रंप मंगलवार को आमसभा को संबोधित करेंगे, जबकि पेजेश्कियान बुधवार को अपनी बात रखेंगे।
दोनों नेताओं की न्यूयार्क में मौजूदगी ने उनकी मुलाकातों की खबरों को हवा दे दी है। ट्रंप दो दिन न्यूयार्क में रहेंगे और कई द्विपक्षीय बैठकों में शामिल होंगे।
अमेरिका ने ईरानी प्रतिनिधिमंडल के मुख्य सदस्यों को महासभा में शामिल होने की अनुमति दी है, लेकिन प्रतिनिधिमंडल को सीमित रखा गया है। राष्ट्रपति की मीडिया और जनसंपर्क टीम के कुछ सदस्यों को वीजा नहीं दिया गया है।
आईआरजीसी की चेतावनी
एएनआइ के अनुसार, अमेरिका के नए हमले की आशंका के बीच ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड (आइआरजीसी) ने सोमवार को कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगियों के साथ युद्ध खत्म नहीं हुआ है।
आईआरजीसी के ब्रिगेडियर जनरल होसैन मोहब्बी ने कहा कि ईरानी बल लंबे संघर्ष के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि युद्ध के चरण बदल सकते हैं, लेकिन ईरान की नजर में संघर्ष जारी है।
उधर, अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए ईरान की यात्रा पर पहले से जारी लेवल-4 चेतावनी दोहराई है। अमेरिकी नागरिकों से किसी भी कारण ईरान न जाने और वहां मौजूद नागरिकों से तुरंत निकलने को कहा गया है।
होर्मुज में दो टैंकरों पर हमला
अल जजीरा के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट में सोमवार को दो टैंकरों को अज्ञात प्रोजेक्टाइल से नुकसान पहुंचा और चालक दल के दो सदस्य घायल हुए। हमले की जिम्मेदारी तत्काल किसी ने नहीं ली है और घटना की जांच की जा रही है। क्षेत्र में जहाजों को अत्यधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
ईरान ने होर्मुज को सामान्य जहाज आवागमन के लिए खोलने से इनकार किया है। संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गलीबाफ ने कहा है कि अमेरिका के अपने वादों पर खरा उतरने तक जलडमरूमध्य खोलना मुश्किल है।
दूसरी ओर, अमेरिकी सेंटकाम का दावा है कि 20 सितंबर के बाद ईरानी बंदरगाहों से निकलने वाले 109 व्यापारिक जहाजों को होर्मुज से वापस लौटाया गया है।
