नित्यानंद की जमानत खारिज करने को लेकर याचिका दाखिल
कोर्ट ने अगले सप्ताह के लिए सुनवाई की बात कही है। कोर्ट ने नित्यानंद को नोटिस भेजने का भी आदेश दिया है।
बैंगलोर, एएनआइ। कर्नाटक उच्च न्यायालय में एक शिकायतकर्ता द्वारा स्वयंभू धर्मगुरु नित्यानंद की जमानत खारिज करने को लेकर याचिका दाखिल की गई है। इसमें सुनवाई में पेश नहीं होने से लेकर फर्जी पासपोर्ट पर देश से भागना और फर्जीवाड़े आदि के आरोप लगाए गए हैं। वहीं, इस मामले में कोर्ट ने अगले सप्ताह के लिए सुनवाई की बात कही है। कोर्ट ने नित्यानंद को नोटिस भेजने का भी आदेश दिया है।
नित्यानंद आश्रम मामला
अहमदाबाद के हाथीजण में स्थित नित्यानंद आश्रम में बच्चों को बंधक बनाने के मामले में गुजरात पुलिस ने नित्यानंद और उसकी दो सेविकाओं प्राणप्रिया और प्रियतत्वा के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट फाइल की है। पुलिस ने कोर्ट में पेश की 83 पन्नों की चार्जशीट में 50 गवाहों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुरोध के बाद इंटरपोल ने नित्यानंद के खिलाफ ब्लू नोटिस जारी किया है। गुजरात पुलिस ने नित्यानंद के खिलाफ रेड नोटिस जारी करने के लिए प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
महिलाओं के साथ संबंध व अश्लील सीडी को लेकर पहले भी विवादों में रहा नित्यानंद बेंगलुरू की दो बहानों को अहमदाबाद आश्रम में लाने के बाद चर्चा में आया। लड़कियों के पिता ने अहमदाबाद पहुंचकर नित्यानंद के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने आश्रम में जांच की और यहां कई बच्चों को बंधक बनाने के आरोप में 20 नवंबर, 2019 को नित्यानंद की सेविकाओं प्राणप्रिय और प्रियातत्व को गिरफ्तार किया था।