दिल्ली को बनाएं विश्वस्तरीय शहर : नजीब जंग
दिल्ली में दैनिक जागरण की स्व्च्छता अभियान को उपराज्यपाल नजीब जंग ने सारहना की। जंग ने कहा कि दैनिक जागरण को बहुत-बहुत बधाई देना चाहता हूं। अखबार ने स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत अभियान चलाया, इससे समाज में जागरूकता लाने में बहुत मदद मिली है। उन्होंने कहा कि दिल्ली महज देश
नई दिल्ली। दिल्ली में दैनिक जागरण की स्व्च्छता अभियान को उपराज्यपाल नजीब जंग ने सारहना की। जंग ने कहा कि दैनिक जागरण को बहुत-बहुत बधाई देना चाहता हूं। अखबार ने स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत अभियान चलाया, इससे समाज में जागरूकता लाने में बहुत मदद मिली है। उन्होंने कहा कि दिल्ली महज देश की राजधानी ही नहीं, बल्कि हमारी ऐतिहासिक धरोहरों का भी शहर है। यहां की मूक दीवारें सैकड़ों वर्षो के इतिहास को जीवंत करती हैं। ऐसे शहर का नागरिक होना हर दिल्लीवासी के लिए गर्व की बात है, लेकिन केवल गर्व करने से काम नहीं चलेगा। इसकी हिफाजत करना भी हमारा दायित्व है। हमें दिल्ली को विश्वस्तरीय शहर बनाना है और सब मिलजुल कर ही इस लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।
नजीब जंग ने कहा कि यह हमारी खुशनसीबी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत के लिए दिल्ली को चुना। होना तो यह चाहिए था कि दो महीने में दिल्ली बिल्कुल चमक जानी चाहिए थी। लेकिन ऐसा अब तक नहीं हुआ है। कुछ जागरूकता जरूर आई है, परंतु इतने भर से काम चलने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा कि जब तक दिल्ली के सभी लोग इस अभियान को अपनी जिंदगी का हिस्सा नहीं बना लेते तब तक दिल्ली नहीं चमक सकती। सरकारी एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। उन्हें हरसंभव सहायता और जरूरी साजो-सामान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक को यह निर्देश जारी किए गए हैं कि वे सफाई को प्राथमिकता दें। हर कार्यालय में सफाई को प्राथमिकता सूची में प्रथम स्थान पर रखा जा रहा है। जो लोग इसमें कोताही बरत रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कामचोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।
जंग ने कहा कि मैं दैनिक जागरण के माध्यम से दिल्ली के सभी नागरिकों से, विशेषकर नौजवानों से यह अपील करना चाहता हूं कि वे आगे आएं और स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में भरपूर योगदान दें। यदि हम अपने घर को साफ करने की सोचते हैं तो हमें यह भी सोचना चाहिए कि दिल्ली भी हमारा घर ही है। इसी से हमारी पहचान है। लिहाजा हम सबको यह संकल्प लेना चाहिए कि हम सब मिलजुल कर अपने शहर को साफ और स्वच्छ बनाएंगे।
उपराज्यपाल ने कहा कि आपको यह भी कहना चाहता हूं कि यदि साफ-सफाई पर पूरा ध्यान दिया गया तो गंदगी की वजह से फैलने वाली बहुत सारी बीमारियों पर भी काबू पाया जा सकेगा। जो पैसा हमें चिकित्सा पर खर्च करना पड़ता है, उसे तरक्की के कार्यो में खर्च किया जा सकेगा। तो आइए एक स्वस्थ और बेहतर दिल्ली के निर्माण में सहयोग का हाथ बंटाइए।