शांति, समृद्धि और स्थिरता... भारत-जापान शिखर सम्मेलन हुआ सफल, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझेदारी मजबूत
जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने भारत की सफल यात्रा पूरी की, जहां 16वां भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन बेहद सफल रहा।
-1783102967982_m.webp)
भारत-जापान शिखर सम्मेलन हुआ सफल (फोटो-पीटीआई)
HighLights
जापान की पीएम सनाए ताकाइची की भारत यात्रा संपन्न हुई।
16वां भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन अत्यंत सफल घोषित किया गया।
साझेदारी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और समृद्धि को बढ़ावा देगी।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची शुक्रवार को भारत की अपनी आधिकारिक यात्रा पूरी कर स्वदेश लौट गईं।
इस मौके पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस यात्रा ने भारत और जापान की साझा प्रगति व समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी को और प्रगाढ़ करने की दोनों पक्षों की प्रतिबद्धता की पुष्टि की है। दोनों देश अगले वर्ष राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ मनाएंगे।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत-जापान साझेदारी हिंद-प्रशांत और उससे आगे शांति, समृद्धि और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए भी एक महत्वपूर्ण आधार है। मंत्रालय ने यहां आयोजित 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन को बेहद सफल बताया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'एक यादगार यात्रा का समापन हुआ, जिसने भारत-जापान साझेदारी को साझा लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ाया। जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन की अत्यंत सफल बैठक के बाद भारत से रवाना हो गईं। उन्हें केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने विदाई दी।' जापानी पीएम तीन दिवसीय भारत दौरे पर बुधवार को आई थीं।
जापान ने कहा, 'नमस्ते' सम्मान व विनम्रता का प्रतीक
एएनआइ के अनुसार, जापान के कैबिनेट जनसंपर्क अधिकारी ने शुक्रवार को पारंपरिक भारतीय अभिवादन "नमस्ते" के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि यह सम्मान व विनम्रता का प्रतीक है।
यह प्रतिक्रिया तब आई, जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने भारत यात्रा के दौरान हाथ जोड़कर एक-दूसरे का अभिवादन किया।
ऑस्ट्रेलिया, यूएई, कुवैत में सीमित सेवाएं जारी
एएनआइ के अनुसार, विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को साफ किया कि आस्ट्रेलिया, कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में भारतीय मिशन सीमित काउंसलर सेवाएं देना जारी रखे हुए हैं। यह बयान उन खबरों पर आया, जिसमें सेवाएं पूरी तरह बंद किए जाने का दावा किया गया।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड... 6 दिनों की विदेश यात्रा पर जाएंगे पीएम मोदी, क्या है भारत का प्लान?
