'किशोरियों के स्वास्थ्य पर अधिक ध्यान दें', पीएम मोदी की बड़ी अपील
महिला एवं बाल विकास पर विभागीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे ...और पढ़ें

'किशोरियों के स्वास्थ्य पर अधिक ध्यान दें', पीएम मोदी की बड़ी अपील
HighLights
पीएम ने कहा-महिलाओं की सुरक्षा पर बच्चों के लिए आयु के अनुकूल सामग्री बने
आंगनबाड़ी केंद्रों को सामुदायिक भागीदारी की जगह बननी चाहिए
पीटीआई, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को किशोरियों के स्वास्थ्य, पोषण और समग्र विकास पर अधिक ध्यान देने की अपील की।
उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और सशक्तीकरण पर बच्चों के लिए आयु के अनुरूप सामग्री तैयार करने का सुझाव भी दिया।
महिला एवं बाल विकास पर विभागीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर एहतियाती कदम उठाया जाना चाहिए। इस सिलसिले में विभिन्न विभागों के प्रयासों में समन्वय जरूरी है।
इस सम्मेलन में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इसमें पोषण, बाल संरक्षण और महिलाओं की सुरक्षा तथा सशक्तीकरण जैसे विषयों पर गहन चर्चा की गई।
पीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए भी विशेष 'चिंतन शिविर' आयोजित करने का सुझाव दिया, ताकि वे जमीनी स्तर के अपने अनुभव और व्यावहारिक समाधान एक-दूसरे के साथ साझा कर सकें।
उन्होंने 'जन भागीदारी' पर जोर देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र को अलग-थलग संस्थान के रूप में काम नहीं करना चाहिए। इसे सामुदायिक भागीदारी का केंद्र बनना चाहिए। आंगनबाड़ी केंद्रों के आस-पास रहने वाले परिवारों को भी विशेष अवसरों पर बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन, खिलौने और स्थानीय स्तर पर उपयोगी चीजें देने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है।
पीएम ने विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों से आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ जुड़ने का आग्रह किया। कहा कि विश्वविद्यालय आस-पास के आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद ले सकते हैं और सामाजिक प्रभाव से जुड़े अध्ययन कर सकते हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि महिला सशक्तीकरण के लिए 'वोकल फार लोकल' और 'एक जिला एक उत्पाद' जैसे राष्ट्रीय अभियानों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। महिलाओं के समूह और सामुदायिक संस्थाएं स्थानीय उत्पादों, आजीविका और आर्थिक सशक्तीकरण को मजबूत करने में भागीदार बन सकती हैं।
