15 साल से कम उम्र के बच्चों का पासपोर्ट अब पांच साल तक ही वैध, शुल्क में भी की बढ़ोतरी
विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट नियमों में संशोधन किया है, जिसमें 15 साल से कम उम्र के बच्चों के पासपोर्ट की ...और पढ़ें

15 साल से कम उम्र के बच्चों का पासपोर्ट अब पांच साल तक ही वैध
HighLights
15 साल से कम बच्चों के पासपोर्ट की वैधता पांच साल तक।
पासपोर्ट सेवाओं के शुल्क में भारी बढ़ोतरी, तत्काल सेवा महंगी।
वयस्कों, नाबालिगों के लिए नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू।
आईएएनएस, नई दिल्ली । 15 साल से कम उम्र के बच्चों के पासपोर्ट की वैधता अब अधिकतम पांच साल होगी। हालांकि, अगर बच्चा पांच साल की अवधि पूरी होने से पहले ही 18 साल का हो जाता है तो पासपोर्ट की वैधता उसी समय समाप्त हो जाएगी।
यानी पांच साल या 18 साल की उम्र—इनमें से जो पहले हो, वही पासपोर्ट की वैधता की अंतिम सीमा होगी।
विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट कानून में संशोधन की अधिसूचना जारी कर दी है। पासपोर्ट (संशोधन) नियम, 2026 के संशोधित नियम 12(1ए) के तहत 15 साल से कम उम्र के बच्चे को जारी 36 पृष्ठों वाला सामान्य पासपोर्ट जारी होने की तारीख से पांच साल तक या बच्चे के 18 साल का होने तक, जो भी पहले हो, वैध रहेगा। यह बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
पासपोर्ट सेवा शुल्क भी बढ़ा
15 सितंबर की अधिसूचना में पासपोर्ट आवेदन शुल्क से संबंधित नियम 8 में भी बदलाव किया गया है। इसके तहत अलग-अलग श्रेणी की सेवाओं के लिए देय शुल्क चौथी अनुसूची में निर्धारित दरों के अनुसार होगा। विदेश मंत्रालय ने एक जुलाई से पासपोर्ट से जुड़ी विभिन्न सेवाओं के शुल्क में बढ़ोतरी की है।
नई दरें नए पासपोर्ट, दोबारा जारी कराने, तत्काल सेवा, खोए या खराब पासपोर्ट को बदलने, पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (पीसीसी) और अन्य पासपोर्ट सेवाओं पर लागू होंगी।
आठ साल से कम उम्र के बच्चों और 60 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के नए पासपोर्ट आवेदन पर 10 प्रतिशत की छूट जारी रहेगी। हालांकि, यह छूट पासपोर्ट दोबारा जारी कराने के आवेदन पर लागू नहीं होगी।
वयस्कों के पासपोर्ट की नई फीस
36 पृष्ठों वाले वयस्क पासपोर्ट के सामान्य नए आवेदन या नवीनीकरण का शुल्क 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दिया गया है। वहीं, 60 पृष्ठों वाले सामान्य पासपोर्ट का शुल्क 2,000 से बढ़ाकर 3,500 रुपये किया गया है।
तत्काल सेवा में 36 पृष्ठों वाले वयस्क पासपोर्ट का शुल्क 3,500 से बढ़ाकर 5,000 रुपये, जबकि 60 पृष्ठों वाले पासपोर्ट का शुल्क 4,000 से बढ़ाकर 6,000 रुपये कर दिया गया है। तत्काल श्रेणी में 60 पृष्ठों वाले वयस्क पासपोर्ट को बदलने का शुल्क 5,500 से बढ़ाकर 8,500 रुपये किया गया है।
नाबालिगों के लिए भी महंगी हुई सेवा
18 साल से कम उम्र के किशोरों के लिए 36 पृष्ठों वाले सामान्य नए या दोबारा जारी होने वाले पासपोर्ट का शुल्क 1,000 से बढ़ाकर 1,750 रुपये कर दिया गया है।
तत्काल श्रेणी में नाबालिगों के 36 पृष्ठों वाले नए या दोबारा जारी होने वाले पासपोर्ट का शुल्क 3,000 से बढ़ाकर 4,250 रुपये हो गया है।
