पैरालंपिक विजेता दीपा ने एयरलाइन कर्मचारी पर लगाया दुर्व्यवहार का आरोप
मलिक से साथ यह घटना मंगलवार को मुंबई से दिल्ली की उड़ान के दौरान हुई। एयरलाइन ने इसके लिए तत्काल उनसे माफी मांगी।
नई दिल्ली, प्रेट्र । पैरालंपिक में चांदी का पदक जीतने वाली दीपा मलिक ने विस्तारा एयरलाइन के केबिन क्रू पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। मलिक से साथ यह घटना मंगलवार को मुंबई से दिल्ली की उड़ान के दौरान हुई। एयरलाइन ने इसके लिए तत्काल उनसे माफी मांगी।
मलिक ने यात्रा के दौरान ही शिकायत में लिखा कि जब वह अपनी मां को मुंबई से उड़ान की देरी की सूचना दे रहीं थीं, तब केबिन क्रू की एक सदस्य ने उनसे धीरे से बोलने को कहा। जब उन्होंने विरोध किया तब उसने शांत हो जाने के लिए कहा। उन्होंने एयरलाइन के कर्मचारी द्वारा व्हीलचेयर वाले यात्रियों की सही तरह से मदद नहीं करने की भी शिकायत की। दीपा ने कहा कि केबिन क्रू ने सीट तक पहुंचने में उनकी मदद नहीं की। बाद में उन्होंने कई ट्वीट कर एयरलाइन से दिव्यांग यात्रियों से सम्मानजनक तरीके से व्यवहार करने का आग्रह किया। उन्होंने केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिकता मंत्री थावरचंद गहलोत को भी यह जानकारी दी।