गुजरात में पकड़ी गई एक और पाकिस्तानी बोट, 9 लोग गिरफ्तार
गुजरात में बुधवार को एक और पाकिस्तानी बोट पकड़ी गई है। बीएसएफ ने 9 मछुआरों को भी गिरफ्तार किया है।
नई दिल्ली, प्रेट्र/आइएएनएस। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा के करीब गुजरात के भुज में एक पाकिस्तानी नौका को पकड़ लिया है। हाल के दिनों में सुरक्षा बलों की गिरफ्त में आई यह तीसरी पाकिस्तानी नाव है। इस नौका के क्रीक क्षेत्र में घुसते ही बीएसएफ के जवानों ने नाव पर सवार नौ पाकिस्तानी मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया।
बुधवार की सुबह पाकिस्तान की ओर से आई इस नौका को पकड़ने के बाद बीएसएफ के अफसरों ने इन नौ मछुआरों से गहन पूछताछ शुरू कर दी है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान की सीमा से सटे भुज के क्रीक इलाके में जवानों ने पेट्रोलिंग के दौरान नाव देखी। वह भारतीय जल क्षेत्र में घुस आई थी।
तोता पोस्ट पर पाकिस्तानी नाव मिलने के बाद सेना व BSF का सर्च आपरेशन
जवानों ने नौ पाकिस्तानी मछुआरों को जी-43 पिलर के समीप चौहान नाला से गिरफ्तार किया। उनसे पूछताछ की जा रही है। उनके पास से कोई आपत्तिजनक चीज नहीं मिली है। हालांकि पाकिस्तान के लिए इन लोगों की ओर से जासूसी किए जाने की आशंका को खारिज नहीं किया जा सकता है।उल्लेखनीय है कि बीएसएफ ने मंगलवार को पंजाब के सीमावर्ती इलाके से पाकिस्तान रेंजर्स की एक खाली नाव जब्त की थी। जबकि तटरक्षक बल ने 2 अक्टूबर को गुजरात के पोरबंदर क्षेत्र से पाकिस्तान की एक नाव पकड़ी थी। इस सवार चालक दल के नौ सदस्यों को भी पकड़ा गया था।