पाक ने किया संघर्ष विराम का उल्लंघन
पाकिस्तानी सैनिकों ने एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले से लगी नियंत्रण रेखा पर स्थित भारतीय अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की।
जम्मू। पाकिस्तानी सैनिकों ने एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले से लगी नियंत्रण रेखा पर स्थित भारतीय अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की।
सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा पर पुंछ के सब सेक्टर कृष्णा घाटी स्थित भारतीय चौकी क्राति-1 और क्राति-2 पर बीती रात लगभग साढ़े दस बजे मशीन गन से गोलीबारी की। इसके बाद सेना ने सीमा के पास कुछ संदिग्ध तत्वों की गतिविधियों का पता लगाया। उन्होंने बताया कि ऐसा लगता है कि आतंकवादियों की ओर से घुसपैठ की कोशिश की गई।
अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने हमारे केजी अग्रिम बेल्ट के सामने स्थित दकू और एलो बम्प चौकियों से गोलीबारी की। लगभग 30 दिनों के अंदर पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा किया गया संघर्ष विराम का यह दूसरा उल्लंघन है।
गौरतलब है कि 20 सितंबर को जम्मू में बीएसएफ की चौकी के पास गोलीबारी शुरू हो गई थी जिसके बाद साम्बा क्षेत्र में पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। इस गोलीबारी में बीएसएफ का उप निरीक्षक शहीद हो गया था और एक नागरिक घायल हो गया था।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर