हाफिज सईद की रिहाई पर चौतरफा घिरता जा रहा पाक
संयुक्त राष्ट्र लश्कर के मुखौटा संगठन जमात-उद-दावा को पहले ही प्रतिबंधित कर चुका है। सूत्रों ने बताया कि फ्रांस ने हाफिज सईद को आजाद करने के पाकिस्तान के कदम पर नाखुशी जताई है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। मुंबई हमलों (26/11) का मास्टरमाइंड और लश्कर सरगना हाफिज सईद को नजरबंदी से आजाद करने के बाद पाकिस्तान पर लगातार अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ता जा रहा है। वह चौतरफा घिरता जा रहा है। अमेरिकी चेतावनी के बाद अब फ्रांस ने भी हाफिज की रिहाई पर कड़ी आपत्ति की है। उसने दो टूक लफ्जों में पाकिस्तान को अपनी नाराजगी से अवगत करा दिया है।
संयुक्त राष्ट्र लश्कर के मुखौटा संगठन जमात-उद-दावा को पहले ही प्रतिबंधित कर चुका है। सूत्रों ने बताया कि फ्रांस ने हाफिज सईद को आजाद करने के पाकिस्तान के कदम पर नाखुशी जताई है। फ्रांसीसी अधिकारियों ने भारत के साथ मिलकर आतंकवाद से मुकाबला करने के प्रयास को जारी रखने के लिए सहयोग बढ़ाने की बात कही है।
राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की भारत यात्रा के दौरान आतंकवाद से निपटने की चुनौती प्रमुख मुद्दों में से एक होगा। मैक्रों अगले साल के शुरुआत में ही नई दिल्ली का दौरा करने वाले हैं। भारत ने पाकिस्तान के कदम का जोरदार विरोध किया और कहा कि पड़ोसी देश का यह कदम आतंकवादियों को दिए जा रहे सहयोग को दिखाता है। हाफिज को शुक्रवार को रिहा किया गया था। अमेरिका ने इस्लामाबाद से लश्कर आतंकी को तुरंत फिर से गिरफ्तार करने को कहा था। ऐसा न करने पर इसका द्विपक्षीय संबंधों पर असर पड़ने की चेतावनी दी थी।
लश्कर आतंकी के सिर पर एक करोड़ डॉलर (64.50 करोड़ रुपया) का इनाम घोषित है। हाफिज सईद जनवरी से नजरबंद था। पाकिस्तान सरकार ने शुक्रवार को उसे किसी दूसरे मामले में गिरफ्तार करने के बजाय रिहा करने का फैसला किया था।