भारत ने पाकिस्तान से फिर की अंडरवर्ल्ड दाउद इब्राहिम की मांग
भारत ने एक बार फिर से पाकिस्तान के समक्ष अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम को सौंपे जाने की मांग की है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक वह यूएन द्वारा घोषित अपराधी है।
नई दिल्ली (जागरण ब्यूरो)। भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान से मुंबई बम विस्फोट के गुनहगार दाउद इब्राहिम को सौंपने की मांग की है। एक समाचार टीवी चैनल में कराची में दाउद इब्राहिम के आवास व उसकी गतिविधियों को दिखाने संबंधी समाचार आने के बाद भारत की तरफ से यह मांग रखी गई है। इस बारे में पूछने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने बताया कि दाउद संयुक्त राष्ट्र की तरफ से घोषित अपराधी है।
भारत को उसकी कई मामलों में तलाश है। उसके पाकिस्तान में होने की सूचनाएं पहले भी कई बार सामने आई हैं। हमने पहले भी पाकिस्तान से इस बारे में आग्रह किया है। अब भी हम पाकिस्तान से यह कहेंगे कि वह दाउद को सौंपने में हमारी मदद करे।
सनद रहे कि दाउद इब्राहिम को भारत लाने का मुद्दा भारत में रह रह कर गर्माता रहता है। सत्ता में आने से पहले भाजपा इस बारे में पूर्व यूपीए सरकार पर हमला करती रही है। लेकिन अब कांग्रेस व अन्य दल राजग सरकार से दाउद को भारत लाने के मुद्दे पर घेरते रहती हैं। गृह मंत्री राजनाथ सिंह भी कई बार यह बोल चुके हैं कि दाउद इब्राहिम अब स्थाई तौर पर पाकिस्तान में रहता है लेकिन उसे भारत लाने की कोशिश होती रहेगी।
दाउद इब्राहिम से जुड़ी सभी खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
वैसे यह अलग बात है कि तमाम सबूतों के बावजूद पाकिस्तान ने आज तक यह स्वीकार नहीं किया है कि दाउद उसके यहां है। पाकिस्तान के कई समाचार पत्रों में दाउद के आवास आदि को लेकर खबरें छप चुकी हैं।