अब शरद यादव ने कहा, बंद करो 'पद्म पुरस्कार' देना
पद्म अवार्ड 'बेइमानों' को दिए जाने का आरोप लगाने के बाद जदयू अध्यक्ष शरद यादव ने सोमवार को विवाद को फिर हवा देते हुए पद्म पुरस्कार देने की प्रथा समाप्त किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे बहुत से लोगों के साथ भेदभाव किया जाता है। उन्होंने संवाददाताओं से
नई दिल्ली। पद्म अवार्ड 'बेइमानों' को दिए जाने का आरोप लगाने के बाद जदयू अध्यक्ष शरद यादव ने सोमवार को विवाद को फिर हवा देते हुए पद्म पुरस्कार देने की प्रथा समाप्त किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे बहुत से लोगों के साथ भेदभाव किया जाता है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, 'इसे अवश्य खत्म करना चाहिए। पद्म अवार्ड सिर्फ मुठ्ठी भर लोगों के लिए है जो सरकार के करीब रहते हैं।' उन्होंने कहा कि पूर्व के जनता परिवार शासन के दौरान ये सरकारी सम्मान किसी को नहीं दिए गए। उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को पुरस्कार में होने वाली गड़बडिय़ों के बारे में लिखा था।
उन्होंने आगे कहा कि इस वर्ष किसी अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक और कृषक समुदाय के लोगों को यह सम्मान नहीं दिया गया। मशहूर अभिनेता दिलीप कुमार को पद्म विभूषण दिए जाने की चर्चा करने पर यादव ने कहा कि यह उनके या अमिताभ बच्चन जैसी हस्तियों की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़ों के साथ लंबे समय से भेदभाव होता रहा है किंतु नरेंद्र मोदी के नेतृत्ववाली भाजपा सरकार ने इस वर्ष सभी हदें पार कर दी है।