पद्म पुरस्कारों की आज होगी घोषणा, इस बार 15700 हस्तियों ने किया आवेदन
गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले यानी आज शाम पद्म पुरस्कारों की घोषणा की जाएगी।
नई दिल्ली (प्रेट्र)। पद्म पुरस्कारों की घोषणा आज शाम को की जाएगी। ये पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट सेवाओं और उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किए जाते हैं। पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की जाती है। कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान व अभियांत्रिकी, लोक मामलों, सिविल सेवाओं, व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में ये पुरस्कार दिए जाते हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि इन पुरस्कारों के लिए 15,700 लोगों ने आवेदन किया है। जबकि साल 2016 में आवेदन की संख्या 18 हजार से ज्यादा थी। सरकार का जोर गुमनाम नायकों को पुरस्कृत करने पर है। पिछले साल 89 लोगों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। बता दें कि आजादी के बाद से पिछले साल तक कुल 4,417 शख्सियतों को देश के प्रतिष्ठित पुरस्कार दिया जा चुका है।
समाज के हीरो को मिलें अवॉर्ड: पीएम
बता दें कि पीएम मोदी ने कहा था कि पद्म सम्मान समाज के हीरोज को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा था, 'बीते वक्त में पद्म पुरस्कार नेताओं/मंत्रियों की सिफारिश पर मिलता था। लेकिन हमने इस परेशानी को दूर कर दिया है। अब कोई भी पद्म सम्मान के लिए आवेदन डाल सकता है। कोई भी किसी और के लिए सिफारिश ऑनलाइन फाइल कर सकता है।' उन्होंने समाज में मौजूद हीरोज का जिक्र करते हुए कहा कि देश के अलग-अलग क्षेत्र में कुछ ऐसे कामयाब और बेहतरीन काम करने वाले हीरो मौजूद हैं, जिन्हें पद्म सम्मान मिलना चाहिए।