धान की खरीद नौ प्रतिशत बढ़कर 306 लाख टन हुई, पंजाब, हरियाणा से सबसे अधिक मात्रा में खरीदा गया धान
धान की खरीद नौ प्रतिशत बढ़ी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार खरीफ विपणन सत्र 2022-23 में 27 नवंबर तक कुल धान खरीद बढ़कर 306.06 लाख टन हो गई है जो एक साल पहले की समान अवधि में 280.51 लाख टन थी।
नई दिल्ली, पीटीआई। सरकारी धान की खरीद मौजूदा खरीफ मार्केटिंग सीजन 2022-23 में अब तक नौ प्रतिशत बढ़कर 306.06 लाख टन हो गई है। खाद्य मंत्रालय के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना से अधिक मात्रा में धान खरीदा गया है। आमतौर पर धान की खरीद अक्टूबर से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के बाद शुरू होती है। हालांकि, दक्षिणी राज्यों में, विशेषकर केरल और तमिलनाडु में यह काम सितंबर से शुरू होता है। सरकार का लक्ष्य खरीफ विपणन सत्र 2022-23 (अक्टूबर-सितंबर) में 775.72 लाख टन धान खरीद का है।
पिछले खरीफ विपणन सत्र में वास्तविक खरीद रिकार्ड 759.32 लाख टन हुई थी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, खरीफ विपणन सत्र 2022-23 में 27 नवंबर तक कुल धान खरीद बढ़कर 306.06 लाख टन हो गई है, जो एक साल पहले की समान अवधि में 280.51 लाख टन थी। पंजाब में धान की खरीद इस विपणन वर्ष में अब तक 2.76 प्रतिशत घटकर 181.62 लाख टन रह गई है, जो साल भर पहले की इसी अवधि में 186.79 लाख टन थी। हरियाणा में धान की खरीद 8.18 प्रतिशत बढ़कर 58.96 लाख हो गई है जो पिछले साल इस दौरान 54.50 लाख टन रही थी।
छत्तीसगढ़ में इस साल अब तक 16.88 लाख टन धान खरीदा जा चुका है, जबकि पिछले साल इस अवधि के दौरान धान की खरीद शुरू भी नहीं हुई थी। तेलंगाना में धान की खरीद इस साल अबतक 16.18 लाख टन रही है, जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 10.94 लाख टन थी।
Video: Modi Cabinet ने 17 फसलों के लिए दी MSP को मंजूरी, क्या किसानों के सुधरेंगे हालात
इसी तरह उत्तर प्रदेश में उक्त अवधि में धान की खरीद पहले के 9.20 लाख टन से बढ़कर 10.28 लाख टन हो गई है। धान खरीफ (गर्मी) और रबी (सर्दियों) दोनों मौसमों में उगाया जाता है, लेकिन देश के कुल धान उत्पादन का 80 प्रतिशत हिस्सा खरीफ सत्र से आता है।
ये भी पढ़ें: Fact Check Story: राहुल गांधी ने नहीं दिया चीलों के बेरोजगार होने का बयान, वायरल हो रहा ऑल्टर्ड वीडियो