दिल्ली की रेस कोर्स मस्जिद को बेदखली नोटिस, ओवैसी ने रिजिजू से हस्तक्षेप की मांग की
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने दिल्ली की ऐतिहासिक रेस कोर्स मस्जिद को कथित बेदखली नोटिस मिलने पर चिंता व्यक्त की है।

ओवैसी ने रिजिजू से हस्तक्षेप की मांग की।
HighLights
ओवैसी ने रेस कोर्स मस्जिद बेदखली नोटिस पर चिंता जताई।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
दिल्ली वक्फ बोर्ड के गठन न होने पर सवाल उठाए।
डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने नई दिल्ली की ऐतिहासिक रेस कोर्स मस्जिद को कथित तौर पर बेदखली नोटिस जारी किए जाने पर चिंता जताई है। उन्होंने मंगलवार को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की।
ओवैसी ने कहा कि वर्ष 2023 से दिल्ली वक्फ बोर्ड का गठन नहीं हुआ है, इसलिए मामले का समाधान करना केंद्रीय मंत्री की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भी हस्तक्षेप कर सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में ओवैसी ने कहा कि वर्ष 1977 से राजपत्रित वक्फ संपत्ति होने के बावजूद बोर्ड ने मस्जिद के ध्वस्तीकरण आदेश को चुनौती नहीं दी और न ही विवाद सुलझाने का प्रयास किया।
उन्होंने दावा किया कि वक्फ संशोधन अधिनियम के तहत भी उपयोग के आधार पर वक्फ घोषित संपत्तियों को संरक्षण प्राप्त है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
