संयुक्त राष्ट्र में मून को विदाई गुतेरस आज संभालेंगे पदभार
उनकी जगह एंटोनियो गुतेरस रविवार से पद संभालेंगे।
संयुक्त राष्ट्र, आइएएनएस। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून को शुक्रवार को विदाई दी गई। वह पिछले 10 साल से महासचिव पद की जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनकी जगह एंटोनियो गुतेरस रविवार से पद संभालेंगे।
न्यूज एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, बान की ने विदा होने से पहले संयुक्त राष्ट्र के स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्हें विदाई देने के लिए संयुक्त राष्ट्र के अधिकारी, राजनयिक और कर्मचारी मौजूद थे। बान ने कहा कि वह न्यूयॉर्क सिटी के टाइम्स स्क्वायर में नए साल के जश्न के मौके पर मौजूद रहेंगे। वह इस दौरान दुनियाभर के लोगों को सतत विकास लक्ष्यों का समर्थन करने का आह्वान करेंगे।
बान का कार्यकाल एक जनवरी 2007 को शुरू हुआ था और 31 दिसंबर 2016 को समाप्त हो गया। उनकी जगह गुतेरस एक जनवरी से महासचिव पद संभालेंगे। 1995 से 2002 तक पुर्तगाल के प्रधानमंत्री रहे गुतेरस 2005 से 2015 तक संयुक्त राष्ट्र के शरणार्थी मामलों के उच्चायुक्त भी रह चुके हैं। उनका संयुक्त राष्ट्र के महासचिव पद पर चयन अक्टूबर में किया गया था।