लोकसभा में गूंजा कोहिनूर का मुद्दा, विपक्ष ने सरकार से की इसे वापस लाने की मांग
लोकसभा में आज विपक्ष द्वारा कोहिनूर को वापस लाने की मांग की गई। साथ ही विपक्ष ने सरकार के कोर्ट में दिए तर्कों को गलत बताते हुए कहा कि इसे ईस्ट इंडिया कंपनी ने धोखे से हथिया लिया था।
नर्इ दिल्ली (जेएनएन)। लोकसभा में आज विभिन्न दलों ने मांग की कि भारत सरकार षड़यंत्र से लिए गए कोहिनूर हीरे को देश में वापस लाए जाने के सभी प्रयास करे। विपक्ष ने सरकार की ओर से हाल में उच्चतम न्यायालय में रखे गए ‘‘तकनीकी रूख’’ से असहमति जताई। शून्यकाल में बीजद के भृतुहरि मेहताब ने यह मुद्दा उठाते हुए कुछ प्राचीन दस्तावेजों के हवाले से कहा कि महाराजा रंजीत सिंह ने कोहिनूर हीरे को पुरी के जगन्नाथ मंदिर को भेंट देने की इच्छा व्यक्त की थी। उन्होंने कहा कि एंग्लो सिख युद्ध के बाद अंग्रेजों ने महाराजा रंजीत सिंह के 11 वर्षीय बेटे पर दबाव डालकर यह बेशकीमती हीरा ले लिया और इसे उपहार का नाम दिया। अधिकतर दलों के सदस्यों ने महताब की बात का समर्थन किया लेकिन भाजपा की मीनाक्षी लेखी ने आपत्ति जताते हुए कहा कि सरकार ने उच्चतम न्यायालय में अभी ऐसा कोई रूख नहीं रखा है और उन्होंने मीडिया पर आरोप लगाया कि उसने तथ्यों को तोड़मरोड़ कर पेश किया।
खबरों के अनुसार सोलिसिटर जनरल रंजीत कुमार ने पिछले दिनों उच्चतम न्यायालय में इस मामले में सरकार का पक्ष रखते हुए कहा था कि कोहिनूर हीरे को ब्रिटिश शासकों ने ‘‘न तो जबरन लिया था और न ही इसे चुराया था’’ बल्कि पंजाब के शासकों ने इसे ईस्ट इंडिया कंपनी को उपहार में दिया था। बीजद सदस्य ने हालांकि इस रूख को गलत बताते हुए कहा कि सरकार ने शीर्ष अदालत में केवल एक तकनीकी रूख रखा है। इसकी बजाय उसे अदालत में ही नहीं बल्कि ब्रिटेन के समक्ष भी यह रूख अपनाना चाहिए कि यह हीरा भारत को वापस सौंपा जाए।
कोहिनूर ही नहीं, ब्रिटेन में मौजूद इन चार ऐतिहासिक धरोहरों पर भी भारत का दावा है
उन्होंने कहा कि महाराजा रंजीत सिंह ने अमृतसर के स्वर्णमंदिर और वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में स्वर्ण पतर चढ़वाए थे और कोहिनूर हीरा भी वह जगन्नाथ पुरी मंदिर को देना चाहते थे। सत्तारूढ़ राजग में शामिल शिरोमणि अकाली दल के प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने कहा कि उच्चतम न्यायालय में सरकार ने कोहिनूर हीरे को लेकन जो रूख अपनाया है वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि 11 साल का बच्चा कोहिनूर को ईस्ट इंडिया कंपनी को तोहफे में कैसे दे सकता है? उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने रंजीत सिंह के बेटे के साथ विश्वासघात कर यह हीरा हासिल किया था। सदन में विभिन्न दलों के सदस्यों ने खड़े होकर महताब और चंदूमाजरा की मांग से अपने आप को संबद्ध किया
नेहरू ने ही छोड़ दिया था कोहिनूर पर दावा, मोदी सरकार लाएगी वापस
कोहिनूर से जुड़ी सभी संबंधित खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें