बेंगलुरु: पुलिस मुठभेड़ में मारा गया बदमाश, पुलिसकर्मी भी जख्मी
बेंगलुरु में आज सुबह पुलिस और बदमाश के बीच मुठभे़ड़ हुई जिसमें अपराधी की मौत हो गई है और एक पुलिसकर्मी जख्मी हो गया है।
कर्नाटक, एएनआइ। बेंगलुरु में आज सुबह पुलिस और एक अपराधी के बीच झड़प हुई। सुबह करीब 6.15 बजे हुई इस झड़प में अपराधी भरत मारा गया। घटना में एक पुलिस कर्मी भी घायल हो गया है। फिलहाल, मामले से जुड़ी बाकी जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में देश के अलग-अलग कौनों से पुलिस और अपराधियों की बीच मुठभेड़ की खबरें सामने आ रही है।
दिल्ली में भी अपराधियों का एनकाउंटर
पिछले दिनों दिल्ली के प्रह्लाद पुर इलाका में 17 फरवरी को तड़के करीब 5:00 बजे के करीब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एनकाउंटर में दो वांटेड अपराधियों को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने अपराधी रजा कुरैशी और रमेश उर्फ बहादुर को मार गिराया। पुलिस के मुताबिक बदमाशो की करावल नगर में हुई हत्या के मामले में पुलिस तलाशी ले रही थी।
जब बदमाशों को लगा की पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया है तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरु कर दी। पुलिस ने भी जवाब देते हुए बदमाशों पर फायरिंग की। इस दौरान दोनों बदमाशों को गोली लग गई। दोनों आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने तुरंत ही घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। यहां दोनों ने दम तोड़ दिया।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने ढेर किया कुख्यात बदमाश
वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश पुलिस ने दिल्ली के सबसे बड़े डॉन शिव शक्ति नायडू को मार गिराया था। पुलिस ने 19 फरवरी को कंकरखेड़ा में शिव शक्ति नायडू मौत के घाट उतार दिया। पुलिस और बदमाशों के बीच हो रही मुठभेड़ में पुलिस ने कुख्यात बदमाश शिव शक्ति को ढेर कर दिया। बता दें कि पुलिस ने नायडू पर एक लाख के ईनाम की घोषणा की हुई थी। एनकाउंटर के बाद पुलिस ने यहां से कार्बाइन, एक डबल बैरल बंदूक, भारी मात्रा में कारतूस और एक चोरी की गई एसयूवी कार बरामद की थी।