Video: दुष्कर्म मामलों के खिलाफ लोगों का गुस्सा, केरल और मध्य प्रदेश में आरोपियों को पीटा
हैदराबाद एनकाउंटर का असर या कुछ और लोग कानून हाथ में लेने से नहीं हिचक रहे हैं। केरल के चर्चित वालयार दुष्कर्म और हत्याकांड के एक आरोपी की भीड़ ने जमकर पिटाई कर दी है।
तिरुवनंतपुरम, एएनआइ। Walayar minors physical assault case, हैदराबाद में महिला डॉक्टर के साथ हैवानियत और उसकी निर्मम हत्या के सभी चारो आरोपियों को तेलंगाना पुलिस द्वारा एनकाउंटर में मार गिराए जाने के बाद अब लोगों का गुस्सा दुष्कर्म के आरोपियों को लेकर बढ़ता जा रहा है। लोग कानून हाथ में लेने से नहीं हिचक रहे हैं। दरअसल, हुआ यूं कि केरल के चर्चित वालयार दुष्कर्म और हत्याकांड के एक आरोपी की भीड़ ने जमकर पिटाई कर दी। इस घटना में वह बुरी तरह जख्मी हो गया। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, भीड़ हिंसा का शिकार बने उस आरोपी को पलक्कड़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Indore: Lawyers present at court premises attempted to thrash an accused in a minor girl rape case. The accused was brought to the court for a hearing in the case. #MadhyaPradesh pic.twitter.com/VyVyZerlkb
— ANI (@ANI) December 7, 2019
ऐसी ही घटना मध्य प्रदेश के इंदौर में भी घटी। हुआ यूं कि पुलिस एक नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को अदालत में पेशी के लिए लेकर आई थी। इसी दौरान कोर्ट परिसर में आरोपी को पीटने की कोशिश हुई। समाचार एजेंसी एएनआइ ने इस घटना का वीडियो जारी किया है। बता दें कि हैदराबाद में महिला डॉक्टर का दुष्कर्म और उसकी निर्मम हत्या के सभी चारो आरोपियों को तेलंगाना पुलिस ने शुक्रवार सुबह को एक एनकाउंटर में मार गिराया। रिपोर्टों के मुताबिक, पुलिस क्राइम सीन रिक्रिएट करने के लिए आरोपियों को मौका-ए-वारदात (नेशनल हाइवे-44) पर ले गई थी लेकिन वे फरार होने लगे। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की जिसमें सभी आरोपी मारे गए।
हालांकि, पूरे देश में ऐसी घटनाओं के विरोध के बावजूद वारदातें थम नहीं रही हैं। बिहार के दरभंगा के सदर थाना क्षेत्र में पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक टेम्पो चालक को गिरफ्तार किया गया है। वहीं पीड़िता का इलाज चल रहा है। उन्नाव में ही तीन साल की बच्ची का यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की घटना सामने आई है। केरल में भी नाबालिग लड़की के साथ एक व्यक्ति ने दुष्कर्म किया। रिपोर्टों में कहा गया है कि आरोपी एक गिलास पानी मांगने के बहाने पीड़िता के घर में घुसा था।