विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

22 से 30 जनवरी के बीच होगा JEE Main का पहला चरण, NTA ने जारी किया परीक्षा कैलेंडर

Published: Thu, 17 Sep 2026 08:24 PM (IST)

एनटीए ने जेईई मेन 2027 के पहले चरण की संभावित तिथियां 22 से 30 जनवरी घोषित की हैं, साथ ही ...और पढ़ें

एनटीए ने जारी किया परीक्षा कैलेंडर

एनटीए ने जारी किया परीक्षा कैलेंडर

HighLights

  1. जेईई मेन 2027 का पहला चरण 22-30 जनवरी को आयोजित होगा

  2. यूजीसी नेट दिसंबर सत्र की परीक्षा 14-19 दिसंबर के बीच संभावित

  3. एनटीए ने 11 अन्य प्रवेश परीक्षाओं का कैलेंडर भी जारी किया

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली । आप यदि इंजीनियरिंग में प्रवेश से जुड़ी परीक्षा जेईई (ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन) मेन की तैयारी कर रहे हैं, तो अब अपनी तैयारी को और तेज कर दीजिए। वजह, परीक्षा आयोजित करने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने परीक्षा की संभावित तिथियां घोषित कर दी हैं, जो 22 से 30 जनवरी 2027 के बीच होंगी।

इसके साथ ही यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (यूजीसी नेट) के दिसंबर सत्र की संभावित परीक्षा 14 से 19 दिसंबर के बीच होगी। वहीं विश्वविद्यालयों के परास्नातक (पीजी) कोर्सों में प्रवेश के लिए होने वाली परीक्षा कामन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट- पोस्टग्रेजुएट(सीयूईटी पीजी) एक से 25 मार्च के बीच होगी।

एनटीए ने इसके साथ ही देश में मार्च 2027 तक होने वाली 11 अन्य प्रवेश परीक्षाओं के भी परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिए हैं। इनमें नेशनल इंडियन मिलिट्री कालेज, नेशनल मिलिट्री स्कूल, आर्मी कैडेट कालेज व मैनेजमेंट से जुड़े कोर्सों में प्रवेश से जुड़ी परीक्षा सीएमएटी आदि शामिल है।

विशेषज्ञों का मानना है कि एनटीए की ओर से परीक्षा शेड्यूल पहले जारी कर देने से छात्रों को अपनी रणनीति बनाने और तैयारी करने का पर्याप्त समय मिलेगा। साथ ही कोरोना काल के बाद से पटरी से उतरे शैक्षणिक सत्र को नियमित करने में भी मदद मिलेगी। एनटीए ने जारी किए कैलेंडर के तहत दिसंबर 2026 व जनवरी 2027 महीने में पांच-पांच परीक्षाएं होंगी, जबकि फरवरी व मार्च में दो-दो परीक्षाएं आयोजित होंगी।

गौरतलब है कि इंजीनियरिंग से जुड़ी प्रवेश परीक्षा जेईई मेन काफी अहम परीक्षा है, जो साल में दो बार आयोजित होती है। इसका पहला सत्र जनवरी में होता है, जबकि दूसरा सत्र अप्रैल में होता है।

इनमें से प्रत्येक सत्र में करीब आठ लाख बच्चे हिस्सा लेते हैं। वहीं यूजीसी नेट की परीक्षा में भी सात से आठ लाख छात्र शामिल होते हैं। दोनों ही परीक्षाएं कंप्यूटर के जरिए यानी सीबीटी मोड में आयोजित होती है।