नीट पेपर लीक के बाद एनटीए का बड़ा कदम, परीक्षाओं को फुलप्रूफ बनाने के लिए विशेषज्ञों की होगी भर्ती
नीट-यूजी पेपर लीक के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) परीक्षाओं को फुलप्रूफ बनाने के लिए अपनी प्रशासनिक और तकनीकी क्षमता को सशक्त कर रही है।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए)
HighLights
एनटीए परीक्षाओं को फुलप्रूफ बनाने के लिए क्षमता बढ़ा रहा है।
साइबर सुरक्षा सहित दस क्षेत्रों में विशेषज्ञ कैडर बनेगा।
उच्चस्तरीय समिति की सिफारिश पर भर्ती प्रक्रिया शुरू।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। नीट-यूजी पेपर लीक के बाद से ही क्षमता पर उठ रहे सवालों के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने परीक्षाओं को फुलप्रूफ तरीके से कराने के लिए अब अपनी प्रशासनिक और तकनीकी क्षमता को सशक्त बनाने की दिशा में कदम बढ़ाए है, जिसमें साइबर सिक्यूरिटी, टेस्ट सिक्यूरिटी, लाइव आपरेशन और विजिलेंस इंवेस्टीगेशन व फारेंसिक्स जैसे करीब दस क्षेत्रों के विशेषज्ञों का रेगुलर प्रोफेशनल्स कैडर तैयार किया जा रहा है।
इनमें से अधिकांश पदों के लिए एनटीए ने भर्ती भी निकाल दी है, जबकि कुछ पदों के लिए जल्द ही विज्ञापन करने की तैयारी है। वैसे तो यह सभी पद अभी संविदा के आधार पर भरे जा रहे है, लेकिन आगे भी इन पदों पर विशेषज्ञों की तैनाती बनी रहेगी।
समिति की सिफारिश के बाद लिया गया फैसला
एनटीए ने अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञों की भर्ती का यह फैसला एक उच्चस्तरीय विशेषज्ञ समिति की सिफारिश के बाद लिया है। जिसने परीक्षाओं के सामने खड़ी हो रही चुनौतियों व परीक्षा माफिया की सक्रियता को देखते हुए विशेषज्ञों की तैनाती को जरूरी बताया था। इस बीच एनटीए ने जिन दस अलग- अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञों की भर्ती निकाली है वह महाप्रबंधक स्तर के है।
फिलहाल एनटीए ने पहली खेप में प्रशासनिक और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े करीब दर्जनभर पदों के लिए भर्ती निकाली है। वहीं परीक्षाओं को सुरक्षित तरीके से कराने के लिए दुनिया भर में अपनायी जाने वाली बेहतर पहल के अध्ययन व साझेदारी के लिए भी महाप्रबंधक स्तर के एक विशेषज्ञ की तैनाती देने की योजना बनायी है। इन पदों पर होने वाली संविदा नियुक्ति तीन साल के लिए होगी।
चीफ फाइनेंस आफीसर जैसे पदों की भर्ती निकाली गई थी
इससे पहले भी एनटीए में चीफ टेक्नोलाजी ऑफीसर व चीफ फाइनेंस आफीसर जैसे पदों की भर्ती निकाली गई थी। इसके साथ ही परीक्षा में सुधार सहित एनटीए को सशक्त बनाने के लिए केंद्र सरकार ने भी देश में आधार लागू करने वाले व इंफोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणी की अगुवाई में एक छह सदस्यीय टास्क फोर्स का गठन किया है।
जिसने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। हाल ही में टास्क फोर्स ने अपनी एक वर्चुअल बैठक भी की है। माना जा रहा है कि अगले साल होने वाली परीक्षाओं को लेकर टास्क फोर्स जल्द ही अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट दे सकती है। गौरतलब है कि अपनी दक्षता को बढ़ाने के लिए एनटीए इससे पहले 16 युवा प्रोफेशनल्स की भी तैनाती देने की फैसला लिया था। जिसका विज्ञापन भी जारी कर दिया है। जो यूपीएससी के जरिए भरे जाएंगे।
