अब एक सौ होंगे आदर्श स्मारक, पर्यटकों के लिए होंगी अनूकूल सुविधायें
एएसआइ के कुल स्मारकों की संख्या 3686 है, जिन्हें राष्ट्रीय स्मारक होने का दर्जा दिया गया है। इसमें दिल्ली के भी 174 स्मारक शामिल हैं।
नई दिल्ली (राज्य ब्यूरो)। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) एक सौ स्मारकों को आदर्श स्मारक बनाएगा। इसमें दिल्ली के भी 5 स्मारक शामिल हैं। इन स्मारकों में सुविधाओं को पर्यटकों के अनुकूल तैयार किया जाएगा। इसके लिए एएसआइ ने कमर कस ली है।
एएसआइ के कुल स्मारकों की संख्या 3686 है, जिन्हें राष्ट्रीय स्मारक होने का दर्जा दिया गया है। इसमें दिल्ली के भी 174 स्मारक शामिल हैं। इन स्मारकों में लाइट एंड साउंड शो, बेहतर शौचालय, इंटरप्रिटेशन सेंटर, कैफेटेरिया, पीने का पानी, सोविनियर शॉप, ऑडियो विजुअल सेंटर, विकलांगों की मदद के लिए रैंप व वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। इन स्मारकों में व्यवस्थाएं इस तरह की जाएंगी कि यहां पहुंचकर लोगों को परेशानी नहीं हो। यह योजना 2015 में शुरू की गई थी।
उस समय इस योजना में 25 स्मारक शामिल किए गए थे, मगर उन स्मारकों पर बहुत काम नहीं हो सका है। इसे देखते हुए एएसआइ ने पहले से सूची में शामिल स्मारकों के लिए बेहतर की जा रहीं सुविधाओं का कार्य तेज करने का निर्देश दिया है। अब 75 और स्मारकों को इस सूची में शामिल किया है। इसमें दिल्ली के भी दो स्मारक शामिल किए गए हैं। ये हैं सफदरजंग का मकबरा और पुराना किला। दिल्ली का कुतुब परिसर, हुमायूं का मकबरा व लालकिला को पहले वाली सूची में ही शामिल किया गया था।
-एएसआइ की स्मारकों को पर्यटकों के अनुकूल बनाने की योजना।
-प्रसाधन कक्ष, पेयजल, संकेतक, कैफेटेरिया और वाई-फाई सुविधाओं को अपग्रेड किया जाएगा।
-गंदे पानी की निकासी और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था के साथ ही रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली का भी होगा इंतजाम।
- इन राष्ट्रीय स्मारकों को दिव्यांगों के अनुकूल बनाया जाएगा।
यह भी पढ़ें : अब प्रदूषण मुक्तफर्नेस बनाएगा एचईसी