विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर भारत में अब सर्दी की होगी शुरुआत, बारिश और बर्फबारी के बाद लुढ़केगा पारा; IMD ने जारी किया अलर्ट

Published: Thu, 29 Oct 2026 08:59 PM (IST)

तूफान अर्णब के अवशेष, नए मौसमी तंत्र और पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां बढ़ेंगी।

उत्तर भारत में सर्दी की आहट

उत्तर भारत में सर्दी की आहट

HighLights

  1. तूफान अर्णब के अवशेष से देश के बड़े हिस्से में बारिश

  2. उत्तर भारत में बारिश-बर्फबारी से तापमान में आएगी गिरावट

  3. बंगाल की खाड़ी में नया मौसमी तंत्र होगा सक्रिय

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश में टकराने के बाद तूफान अर्णब के अवशेष तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इसके असर से देश के बड़े हिस्से में बारिश हो रही है। अब दिल्ली, पंजाब और हरियाणा समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने वाली हैं। बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी तंत्र और पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होने जा रहा है।

तीनों मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से मौसम में बड़ा बदलाव आ सकता है। दो-तीन दिनों में बारिश का दौर थमने के बाद उत्तर भारत के तापमान में एकबारगी गिरावट आ सकती है और सर्दी की शुरुआत हो जाएगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अनुसार तूफान के असर से छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भारी बारिश हो रही है।

झारखंड में भी बारिश शुरू हो चुकी है। शुक्रवार को बिहार में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी दो दिनों तक भारी बारिश के आसार हैं। उत्तराखंड में 30 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पहाड़ी इलाकों में मौसम बिगड़ने के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना है।

स्काईमेट के मुताबिक उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिले गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा की चपेट में आएंगे। सबसे ज्यादा पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश होगी। हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

पहाड़ी राज्यों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी है। इससे खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। दो दिनों में बंगाल की खाड़ी में फिर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनेगा, जो अर्णब के अवशेष को पस्त नहीं पड़ने देगा। बारिश के सिलसिले को जारी रखेगा।

हालांकि इसका क्षेत्र सीमित होगा, मगर इसके असर से एक बड़े क्षेत्र के तापमान में गिरावट आएगी। इसी बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित करेगा।

इससे दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इससे उत्तर भारत में मौसम ठंडा होने लगेगा और सर्दी के आगमन का एहसास बढ़ेगा।