Move to Jagran APP

Weather News: कड़ाके की ठंड से कंपकंपा रहा उत्तर भारत, ज्यादातर हिस्सों में शीतलहर व कोहरे की स्थिति

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा बुलेटिन के अनुसार उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों से शीतलहर की स्थिति कम हो गई है और अगले चार दिनों के दौरान उत्तर भारत में शीतलहर की स्थिति की संभावना नहीं है।

By AgencyEdited By: Ashisha Singh RajputPublished: Tue, 10 Jan 2023 05:52 PM (IST)Updated: Tue, 10 Jan 2023 06:43 PM (IST)
Weather News: कड़ाके की ठंड से कंपकंपा रहा उत्तर भारत, ज्यादातर हिस्सों में शीतलहर व कोहरे की स्थिति
उत्तर भारत में घना कोहरा रहेगा बरकरार, खबर में पढ़ें पूरा अपडेट

नई दिल्ली, पीटीआई। पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड कंपकंपा रहा है। इस भीषण ठंड में लोगों का घरों से निकलना दुर्भर हो गया है। हाड़ कंपाने वाली इस ठंड से हर कोई परेशान है। साल बदल गया, लेकिन ठंड का प्रकोप और भी बढ़ता जा रहा है। उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्से मंगलवार को कड़ाके की ठंड की चपेट में रहे। वहीं, जम्मू-कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर पारा नीचे ही लुढ़कता जा रहा है, जो जमा देने वाली ठंड का कारण बन गया है। इसके अलावा, सुबह के शुरुआती घंटों में घने कोहरे ने सड़क और रेल यातायात को प्रभावित किया।

loksabha election banner

कुछ जगहों पर कड़ाके की ठंड से मिली राहत

राजधानी दिल्ली में पारा कुछ डिग्री चढ़ गया है, जिससे दिल्लीवासियों को ठंड से कुछ राहत मिली है। अधिकारियों ने कहा कि जम्मू और कश्मीर के श्रीनगर में सोमवार रात न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो पिछली रात के 0.9 डिग्री से अधिक रहा। उन्होंने आगे यह भी कहा कि घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में तापमान शून्य से 3.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। वहीं, कुपवाड़ा में पारा 2.7 डिग्री सेल्सियस और पहलगाम में शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार

घाटी के सभी मौसम केंद्रों में पारा 10 डिग्री के निशान से नीचे रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, ऊंचाई वाले इलाकों में कई जगहों पर मध्यम बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा, घाटी के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम हिमपात होने की उम्मीद है। मौसम कार्यालय ने आगे कहा कि जम्मू कश्मीर के कई स्थानों पर जम्मू के मैदानी इलाकों में बारिश के साथ हल्की बर्फबारी की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार के कई हिस्सों में भीषण ठंड और घने कोहरे की स्थिति बनी हुई है।

रेल यातायात प्रभावित हुआ

उत्तर भारत के कई इलाकों में तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई है। राजस्थान के चुरू में सबसे कम 1.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। हालांकि, घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई, जिससे सड़क तथा रेल यातायात प्रभावित हुआ। दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान सोमवार को 3.8 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले, आज मंगलवार को 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आपको बता दें कि इससे पहले, दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस, रविवार को 1.9 डिग्री सेल्सियस, शनिवार को 2.2 डिग्री सेल्सियस, शुक्रवार को 4 डिग्री सेल्सियस, गुरुवार को 3 डिग्री सेल्सियस और बुधवार को 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

घने कोहरे के कारण दृश्यता में दर्ज की गई गिरावट

इसके अलावा, पंजाब और हरियाणा में मंगलवार को ज्यादातर स्थानों पर कड़ाके की ठंड रही और सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता में भी गिरावट दर्ज की गई। वहीं, पंजाब के बठिंडा में तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके साथ अमृतसर में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 8.2 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 7.9 डिग्री सेल्सियस, पठानकोट में 10.4 डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में छह डिग्री सेल्सियस और गुरदासपुर में 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग का ताजा बुलेटिन

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा बुलेटिन के अनुसार, 'उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों से शीतलहर की स्थिति कम हो गई है और अगले चार दिनों के दौरान उत्तर भारत में शीतलहर की स्थिति की संभावना नहीं है।' आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि जब एक पश्चिमी विक्षोभ (मध्य पूर्व से आने वाली गर्म नम हवाओं वाली एक मौसम प्रणाली) एक क्षेत्र में पहुंचता है, तो हवा की दिशा बदल जाती है। इसलिए, पहाड़ों से उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं कुछ दिनों के लिए बहना बंद कर देंगी, जिससे तापमान में वृद्धि होगी।

मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले तीन दिनों में उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है, जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। उन्होंने कहा, अगले चौबीस घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा और ठंड की स्थिति बनी रहेगी।

यह भी पढ़ें- नई सौ बीमारियों में 70 फीसद जानवरों से आ रही, पेट्स से भी हो रही जूनोटिक बीमारियां

यह भी पढ़ें- Fact Check : राहुल गांधी की तस्‍वीर के साथ छेड़छाड़ करके जोड़ा गया चिकन और शराब


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.