मौसम ने फिर ली करवट, पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी तो दिल्ली में रिकॉर्ड तोड़ बारिश
मौसम विभाग ने जम्मू कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के कई भागों में भारी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी जारी की है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। पहाड़ से लेकर मैदान तक, मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी से मैदानी भागों में सर्दी बढ़ गयी है, जिसका सीधा-सीधा असर आम जन-जीवन पर देखने को मिल रहा है। कश्मीर सहित हिमाचल और उत्तराखंड के कई इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई है जिस वजह से मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर तेज हो गयी है।
दिल्ली में हुई रिकार्ड तोड़ बारिश
दिल्ली एनसीआर में बीते दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। दिल्ली में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के दिन हुई बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यह राजधानी में जनवरी महीने के किसी एक दिन में हुई इस सदी की सबसे ज्यादा बारिश है। बीते दो दिनों के दौरान दिल्ली में 30.3 मिमी. बारिश रिकार्ड की गयी। जिसके चलते न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आयी है । आज सुबह भी दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुयी। मौसम विभाग ने आज मौसम के पूर्वानुमान में सामान्य तौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जतायी है।
#JagranVideo:दिल्ली में मौसम ने बदली करवट ,हवा के साथ हुई तेज बारिश#RepublicDay pic.twitter.com/3pdFHmXfaQ
— Dainik jagran (@JagranNews) January 26, 2017
यह भी पढ़ें: लाहुल में पांच फीट से अधिक बर्फबारी, हिमस्खलन का खतरा
मौसम विभाग ने उत्तराखंड में दी भारी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी
बदरीनाथ और केदारनाथ समेत चारों धामों में भारी बर्फबारी हो रही है, जबकि कुमाऊं मंडल की भी कई पहाड़ियां भी बर्फ से ढक गई हैं। मौसम विभाग ने दो दिन सूबे में अनेक स्थानों पर भारी वर्षा और तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई पर जोरदार बर्फबारी चेतावनी दी है। इसके मद्देनजर उत्तराखंड शासन भी अलर्ट है। मुख्य सचिव एस. रामास्वामी पहले ही सभी जिलाधिकारियों को स्थिति से निबटने के लिए जरूरी ऐहतियात बरतने के निर्देश दे चुके हैं। इस कड़ी में चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के उच्च हिमालयी क्षेत्र में आइटीबीपी को सतर्क किया गया है।
यह भी पढ़ें: बदरीनाथ और हेमकुंड में बर्फबारी, निचले इलाकों में ठंड बढ़ी
हिमाचल: लाहुल में पांच फीट से अधिक बर्फबारी, हिमस्खलन की चेतावनी
मौसम के कड़े तेवरो ने हिमाचल प्रदेश में लोगो की मुश्किले बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने 26 व 27 जनवरी को पहाड़ों में भारी बारिश तो मैदानी क्षेत्रों में बारिश की चेतावनी है। वहीं विभाग ने आज दोपहर तक प्रदेश के कई इलाकों में बारिश व तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है। राज्य में रोहतांग, लाहौल- स्पीति, किन्नौर और केलोंग की पहाड़ियों पर 2 से 3 फीट बर्फ गिरने की खबर है। लाहौल-स्पीति, पंगी, पूह और किन्नौर की ऊंचाई वाली जगहों पर पारा -15 से -20 डिग्री तक पहुंच गया है। भारी बर्फबारी के बाद राज्य में कई हिस्सों में बर्फीले तूफान का भी खतरा पैदा हो गया है।
कश्मीर: हिमस्खलन के कारण शहीद हो चुके हैं 15 सैनिक
कश्मीर में भी बीते 4 दिनों से हो रही तेज बर्फबारी की वजह से भारी नुकसान हुआ है। हिमस्खलन के कारण अभी तक एक मेजर समेत 15 सैनिक शहीद हो चुके हैं। वहीं सात सैनिकों को पहले ही सुरक्षित निकाल लिया गया था। सैन्य अफसरों का कहना है कि लापता सैनिकों को बचाने के लिए युद्ध स्तर पर ऑपरेशन जारी है। आपको बता दें कि 4 नागरिकों को भी इसमें अपनी जान गंवानी पड़ी है, राहत और बचाव कार्य अभी जारी है। गुरेज़ सेक्टर श्रीनगर से करीब 123 किलोमीटर दूर है और समुद्र तल से इसकी ऊंचाई करीब 8 हज़ार फीट है। इसकी सीमा पाकिस्तानी कब्ज़े वाले कश्मीर से लगती है जिस कारण यहां जवानों को तैनात रहना पड़ता है।
यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर: गुरेज सेक्टर से चार और जवानों के शव बरामद
इसके साथ ही मैदानी इलाकों की अगर बात करें तो पंजाब, हरियाणा और इससे सटे उत्तरी राजस्थान के तमाम इलाकों में भी बारिश हुई है जिस कारण ठंड काफी बढ़ गयी है। मौसम विभाग की मानें तो उत्तरी राजस्थान, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में 27 से लेकर 29 जनवरी के बीच तापमान में काफी गिरावट आ सकती है।