Move to Jagran APP

शीतलहर से ठिठुरा उत्तर भारत, दिल्ली में टूटा 22 साल का रिकॉर्ड, मैदानी क्षेत्रों में आज भी रहेगा कोहरा

उत्तर प्रदेश में ठंड से सात लोगों की जान चली गई। इस बार दिल्ली में शीतलहर 14 दिसंबर से शुरू हुई थी तब से लगातार इसका कहर जारी है।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Thu, 26 Dec 2019 02:48 AM (IST)Updated: Thu, 26 Dec 2019 02:48 AM (IST)
शीतलहर से ठिठुरा उत्तर भारत, दिल्ली में टूटा 22 साल का रिकॉर्ड, मैदानी क्षेत्रों में आज भी रहेगा कोहरा
शीतलहर से ठिठुरा उत्तर भारत, दिल्ली में टूटा 22 साल का रिकॉर्ड, मैदानी क्षेत्रों में आज भी रहेगा कोहरा

जेएनएन, नई दिल्ली। उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण पूरा उत्तर भारत भयंकर शीतलहर और कोहरे की चपेट में है। राजधानी दिल्ली में शीतलहर ने 22 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और अभी राहत मिलने की संभावना नहीं है। कोहरे के कारण रेल, सड़क और वायु यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। तेजस, राजधानी और शताब्दी जैसी ट्रेनें भी घंटों विलंब से चल रही हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और उत्तर राजस्थान के ज्यादातर इलाकों में गुरुवार को कोहरा छाया रहेगा।

loksabha election banner

दिल्ली में 14 दिसंबर से शुरू शीतलहर का कहर जारी

इस बार दिल्ली में शीतलहर 14 दिसंबर से शुरू हुई थी, तब से लगातार इसका कहर जारी है। इससे पहले दिसंबर 1997 में ही इतनी लंबी शीतलहर चली थी। तब पूरे माह के दौरान 17 दिन शीतलहर के रहे थे, हालांकि ये लगातार नहीं थे। प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, दिल्ली के प्रभारी कुलदीप श्रीवास्तव के अनुसार, 29 दिसंबर तक तापमान ऐसे ही बना रहेगा। न्यूनतम तापमान 4 डिग्री पर पहुंच सकता है। 30 दिसंबर से स्थिति में कुछ बदलाव होगा। दो और तीन जनवरी को हल्की बूंदाबांदी की संभावना भी है।

श्रीनगर में गुजरी सीजन की सबसे सर्द रात

जम्मू कश्मीर में सर्दी का सितम चरम पर है। श्रीनगर का न्यूनतम पारा गिरकर माइनस 4.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वर्तमान सीजन में श्रीनगर की यह सबसे ठंडी रात थी। इसके एक दिन पहले यहां का न्यूनतम पारा माइनस चार डिग्री था। जम्मू, कटड़ा को छोड़ अधिकतर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे चल रहा है। लद्दाख के द्रास का तापमान शून्य से 30 डिग्री नीचे के करीब पहुंचा। उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक धूप खिली और लोगों ने राहत की सांस ली।

हरियाणा में तीन मरे, स्कूलों में छुट्टी

हरियाणा में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई तो पंजाब के लुधियाना में ठंड से 50 साल का रिकॉर्ड टूट गया। पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के मौसम विभाग के अनुसार लुधियाना में 1970 के बाद पहली बार 25 दिसंबर को शहर का अधिकतम तापमान लुढ़क कर 5.5 तक आया है। हरियाणा में गुरुवार को स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। ठंड के कारण गुरुग्राम में तीन लोगों की मौत हो गई। हल्की बारिश होने के कारण झारखंड के कुछ हिस्सों में ठंड बढ़ गई है। मध्यप्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। राजधानी भोपाल में सुबह के समय दृश्यता 300 मीटर रही। ग्वालियर में सुबह 11 बजे तक कोहरा देखा गया।

शहर और न्यूनतम तापमान

श्रीनगर -4.3

पहलगाम -11.4

लेह -17.8

डलहौजी 2.2

नारनौल 3.2

दिल्ली 4.3

सीकर 2.5

फरीदकोट 4.6

(डिग्री सेल्सियस में)

पंजाब में बिगड़ने लगा एक्यूआइ

कोहरे के कारण पंजाब में हवा और जहरीली हो गई। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक ब¨ठडा का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 321 रहा, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। एक्यूआइ 232 के साथ मंडी गो¨बदगढ़ दूसरे स्थान पर और 174 के साथ पटियाला तीसरे स्थान पर रहा। पीपीसीबी के पर्यावरण इंजीनियर लवनीत दुबे के अनुसार मौसम ज्यादा ठंडा होने से एक्यूआइ बिगड़ा है। हवा की गति में कमी और तापमान में गिरावट से समस्या आ रही है। मगर, जैसे-जैसे तापमान बढ़ेगा, एक्यूआइ में सुधार दर्ज किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश में सर्दी का सितम लगातार जारी, ठंड से सात लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश में सर्दी का सितम लगातार जारी है। बुधवार को कहीं धूप ने थोड़ी राहत दी तो कहीं कोल्ड डे का अहसास कराया। सर्द हवाओं से दिनभर गलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। बहराइच जिले का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। प्रदेश में ठंड से सात लोगों की जान चली गई। कोहरे का भी भरपूर असर दिखा। विभिन्न जिलों में हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। लखनऊ में बुधवार को जाड़े की सबसे सर्द सुबह रही। सुबह कोहरे में लिपटी हुई थी। हालांकि 11 बजे के बाद धूप निकली। कोहरे के चलते न्यूनतम तापमान सरक कर 5.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जबकि बहराइच सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

घने कोहरे से चार एक्सप्रेस ट्रेनें निरस्त

अमेठी और अंबेडकरनगर में ठंड से एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। बाराबंकी में घने कोहरे से चार एक्सप्रेस ट्रेनें निरस्त कर दी गईं। प्रयागराज मंडल में बुधवार को दिन में सर्दी से कुछ राहत मिली। शीतलहर व गलन को देखते हुए प्रतापगढ़ में 12वीं कक्षा तक के स्कूल 28 दिसंबर तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। ठंड से प्रयागराज और कौशांबी एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। गोरखपुर में बुधवार को कोल्ड डे घोषित किया। अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से कम होने पर कोल्ड डे कहा जाता है। बुधवार को अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस रहा। अभी आगे भी गलन का प्रभाव रहेगा। गुरुवार को पूरब, दक्षिण व पश्चिम से हवाएं चल सकती हैं। वाराणसी में शीतलहर व पूरे दिन बादल, कोहरे की मार झेलने के बाद बुधवार को मौसम ने राहत दी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.