टाटा समूह में घमासान: नोएल टाटा ने एन. चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति को दी चुनौती, बोर्ड बैठक की मांगी अनकट वीडियो
नोएल टाटा ने टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति के प्रस्ताव को चुनौती दी है, जिसे 17 सितंबर की बोर्ड बैठक में पारित किया गया था।

नोएल टाटा ने एन. चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति पर उठाए सवाल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, मुंबई। टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को फिर नियुक्त करने के प्रस्ताव को चुनौती दी है। यह प्रस्ताव 17 सितंबर को हुई टाटा संस की बोर्ड बैठक में पारित हुआ था।
नोएल ने सोमवार को टाटा संस के कंपनी सचिव सुप्रकाश मुखोपाध्याय को पत्र लिखकर फरवरी 2027 के बाद भी चंद्रशेखरन को अध्यक्ष बनाए रखने के प्रस्ताव पर आपत्ति जताई। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने पांच साल के लिए की गई पुनर्नियुक्ति को अमान्य बताते हुए बैठक की सूचना और एजेंडे सहित कई आधार दिए हैं।
नोएल का तर्क है कि पुनर्नियुक्ति का प्रस्ताव तय क्रम से हटकर रखा गया और बैठक के एजेंडे में शामिल नहीं था। उनके अनुसार, एजेंडे में केवल नामांकन एवं पारिश्रमिक समिति की ओर से जानकारी देने का विषय था। नोएल ने पत्र में बोर्ड बैठक की बिना संपादन वाली वीडियो रिकार्डिंग भी मांगी है। टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स से इस मामले में तत्काल जवाब नहीं मिल पाया है।
टाटा संस में दो-तिहाई हिस्सेदारी रखने वाले टाटा ट्रस्ट्स के प्रमुख नोएल ने प्रस्ताव को मतदान के लिए रखे जाने पर विरोध किया था। ट्रस्ट्स के दूसरे नामित निदेशक वेणु श्रीनिवासन ने पुनर्नियुक्ति के पक्ष में बहुमत का साथ दिया।
पक्ष में मतदान करने वाले अन्य निदेशकों में अनिता जार्ज, हरीश मनवानी और सौरभ अग्रवाल शामिल थे। नोएल का कहना है कि टाटा संस के आर्टिकल्स आफ एसोसिएशन के मुताबिक, प्रस्ताव पारित करने के लिए टाटा ट्रस्ट्स के नामित निदेशकों का समर्थन में मतदान करना जरूरी है।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
