भाजपा नेताओं पर आतंकी खतरे के बारे में शिंदे को जानकारी नहीं
भाजपा नेताओं पर आतंकी खतरे की बाबत आइबी सूत्रों के हवाले से मीडिया में आ रही खबरों की सरकार ने पुष्टि नहीं की है। गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि सरकार को इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। हमने मोदी को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की है। मीडिया रिपोर्ट के आधार भाजपा द्वारा अपने शीर्ष नेतृत्व क
नई दिल्ली। भाजपा नेताओं पर आतंकी खतरे की बाबत आइबी सूत्रों के हवाले से मीडिया में आ रही खबरों की सरकार ने पुष्टि नहीं की है। गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि सरकार को इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। हमने मोदी को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की है।
मीडिया रिपोर्ट के आधार भाजपा द्वारा अपने शीर्ष नेतृत्व को सुरक्षा मुहैया कराए जाने की मांग के बाद शिंदे पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। बकौल शिंदे, 'आतंकियों की ओर से भाजपा नेताओं पर खतरे जैसी किसी बात की मुझे कोई जानकारी नहीं है।' इससे पूर्व भाजपा प्रवक्ता निर्मला सीतारमन ने पत्रकार वार्ता कर कहा, 'भाजपा के सभी नेताओं की जान पर खतरा है। आइबी सूत्रों के हवाले से मीडिया में इस आशय की खबरें आने के बाद क्या गृह मंत्रालय ने इनका संज्ञान लिया है। क्या सरकार देश भर में चुनाव प्रचार में जुटे हमारे नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोई ठोस कदम उठाया है। पार्टी इसको लेकर चिंतित और दुखी है।' उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को पुख्ता सुरक्षा मुहैया कराई जानी चाहिए। सीतारमन के अनुसार, इस बारे में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल गृह मंत्री शिंदे से जल्द मिलेगा और भाजपा के पूरे शीर्ष नेतृत्व को सुरक्षा देने की मांग करेगा।
*****
'मीडिया में ऐसी रिपोर्ट आ रही है कि भाजपा नेताओं की जान पर खतरा है। पार्टी इससे बेहद चिंतित है। सभी भाजपा नेताओं पर खतरा है। इस बारे में हम गृह मंत्री से मिलेंगे।' -निर्मला सीतारमन, प्रवक्ता भाजपा
'हमें भाजपा नेताओं पर आतंकी खतरे की कोई जानकारी नहीं है। भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार मोदी को पर्याप्त सुरक्षा दी गई है।' -सुशील कुमार शिंदे, गृह मंत्री
लोकसभा चुनाव से संबंधित समाचार पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।