पाकिस्तान की वजह से अफगानिस्तान में भारत ने नहीं भेजी सेना
मैटिस ने दक्षिण एशिया में स्थिरता के लिए भारत को एक शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत अपने संबंधों को मजबूत करने की बड़ी-बड़ी बातों को व्यावहारिक सच्चाई में बदलने के लिए काम कर रहे हैं।
वाशिंगटन, पीटीआइ। अमेरिकी रक्षा मंत्री जिम मैटिस ने कहा है कि अफगानिस्तान में सैनिक नहीं भेजने का भारत का फैसला पाकिस्तान की वजह से है, क्योंकि इससे क्षेत्र में नई जटिलताएं पैदा होंगी। उन्होंने अफगानिस्तान के विकास में भारत के योगदान की सराहना की। मैटिस ने सदन की सशस्त्र सेवा समिति को बताया कि नई दिल्ली ने अफगानिस्तान की मदद करने की दिशा में सर्वांगीण रवैया अपनाया है।
मैटिस ने समिति से कहा, 'मैंने भारतीय सैनिकों का विकल्प पाकिस्तान के लिए उत्पन्न होने वाली जटिलता की वजह से छोड़ दिया।' उन्होंने कहा कि हम इसे एक समावेशी रणनीति बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
मैटिस ने दक्षिण एशिया में स्थिरता के लिए भारत को एक शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत अपने संबंधों को मजबूत करने की बड़ी-बड़ी बातों को व्यावहारिक सच्चाई में बदलने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने समिति को बताया कि इस संदर्भ में अभी कई चीजें चल रही हैं और जल्द ही फैसले लिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: आतंकियों के पनाहगाह बने पाकिस्तान को मैटिस का आखिरी अल्टीमेटम