नौ दिन तक दिल्ली में विराजेगा बालाजी का वैभव
राजधानी दिल्ली में भगवान बालाजी का वैभव विराजेगा। तिरुपति तिरुमला तीर्थ के तमाम धार्मिक अनुष्ठान जवाहर लाल नेहरु स्टेडियम में संपन्न कराये जाएंगे।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में भगवान बालाजी का वैभव विराजेगा। तिरुपति तिरुमला तीर्थ के तमाम धार्मिक अनुष्ठान जवाहर लाल नेहरु स्टेडियम में संपन्न कराये जाएंगे। स्टेडियम में 'श्री वेंकटेश्वर वैभवोत्सवम' का आयोजन किया जाएगा। नौ दिवसीय इस समारोह का उद्घाटन 31 अक्तूबर को पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी करेंगे।
समारोह पूरे नौ दिनों तक अनवरत चलता रहेगा। इसका आयोजन नई दिल्ली व राष्ट्रीय राजधानी प्रक्षेत्र (एनसीआर) के लोगों के लिए किया गया है। भगवान बालाजी की सेवा में होने वाली पूजा अर्चना और आरती समेत अन्य समारोह ठीक वैसे ही किये जाएंगे, जैसे उनके मूल मंदिर में संपन्न कराये जाते हैं। इस पूरे आयोजन का दायित्व तिरुपति तिरुमाला देवस्थानम (टीटीडी) के कंधे पर है, जो इस धार्मिक अनुष्ठान को विधि विधान से संपन्न करायेगा। आयोजन को स्वर्ण भारत ट्रस्ट और जीएमआर समूह प्रायोजित करेगा। नेल्लौर स्थित स्वर्ण भारत ट्रस्ट की अध्यक्षा सुश्री दीपा वेंकट हैं, जो केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू की बेटी हैं।
पढ़ेंः तिरुपति बालाजी को अब शेयर भी कर सकेंगे दान
नौ दिवसीय आयोजन का पोस्टर जारी करने के बाद वेंकैया नायडू ने बताया कि भगवान बालाजी के मंदिर में होने वाले इस तरह की पूजा पाठ और आयोजन का पुण्य प्राप्त करना आम लोगों के लिए संभव नहीं है। इसी को ध्यान में रखकर राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों के लिए यह आयोजन किया गया है। इस भोग विलास की दबावपूर्ण जिंदगी के आजिज लोगों के लिए यह अद्वितीय अवसर है, जो अध्यात्म व शांति की चाहत रखते हैं। समूची दुनिया भारत के अध्यात्म की ओर आस लगाये बैठी है।
दीपा वेंकट ने कहा कि इसके पहले इस तरह का आयोजन आंध्र प्रदेश के नेल्लौर में किया गया था, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। लेकिन राष्ट्रीय राजधानी में यह पहला मौका है, जब टीटीडी ने इस तरह का आयोजन करने जा रहा है। पूजा पाठ का सुबह पौने सात से शुरु हो जाएगा, जो दिनभर चलता रहेगा।