NHRC 12 अक्टूबर को मनाएगा 33वां स्थापना दिवस, CJI सूर्यकांत होंगे मुख्य अतिथि
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) 12 अक्टूबर को विज्ञान भवन में अपना 33वां स्थापना दिवस मनाएगा, जिसमें प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत मुख्य अतिथि होंगे।

NHRC के 33वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे CJI सूर्यकांत (फाइल फोटो)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) 12 अक्टूबर को विज्ञान भवन में अपना 33वां स्थापना दिवस मनाएगा। आयोग ने शुक्रवार को बताया कि प्रधान न्यायाधीश (सीजेआइ) सूर्यकांत समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
कार्यक्रम में आयोग के अध्यक्ष जस्टिस वी. रामासुब्रमण्यम (सेवानिवृत्त), सदस्य जस्टिस बिद्युत रंजन सारंगी (सेवानिवृत्त), विजया भारती सयानी और प्रियांक कानूनगो, महासचिव पीयूष गोयल तथा अन्य अधिकारी शामिल होंगे।
12 अक्टूबर 1993 को स्थापना के बाद से आयोग में 24,33,716 मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें स्वत: संज्ञान के 3,100 मामले शामिल हैं। आयोग ने मानवाधिकार उल्लंघन के पीड़ितों को 9,085 मामलों में 274 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक राहत देने की सिफारिश की है।
एक अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर तक की अवधि में 54,673 शिकायतें और स्वत: संज्ञान के 119 मामले दर्ज हुए। आयोग ने 80 मौके पर जांच की, 53,733 मामलों का निपटारा किया और 157 मामलों में 9.7 करोड़ रुपये से अधिक की राहत की सिफारिश की। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
