विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न्यूजीलैंड भारत में करेगा 20 अरब डॉलर का निवेश, पीएम मोदी बोले- हिंदुस्तान वैश्विक विकास का लॉन्च पैड

Published: Sat, 11 Jul 2026 08:26 PM (IST)

पीएम मोदी ने भारत-न्यूजीलैंड बिजनेस इवेंट में कहा कि भारत केवल एक बड़ा बाजार नहीं, बल्कि वैश्विक विकास का लॉन्च पैड है।

भारत-न्यूजीलैंड के बीच व्यापार में अपार संभावनाएं (फोटो-रॉयटर्स)

भारत-न्यूजीलैंड के बीच व्यापार में अपार संभावनाएं (फोटो-रॉयटर्स)

HighLights

  1. भारत वैश्विक विकास के लिए एक लॉन्च पैड है।

  2. न्यूजीलैंड ने भारत में 20 अरब डॉलर निवेश का संकल्प लिया।

  3. भारत की अर्थव्यवस्था, डिजिटल क्रांति वैश्विक कंपनियों के लिए अवसर।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत केवल एक बड़ा बाजार नहीं है, बल्कि वैश्विक विकास के लिए एक लॉन्च पैड है।

भारत-न्यूजीलैंड बिजनेस इवेंट में भारतीय अर्थव्यवस्था को वैश्विक निवेशक समुदाय के समक्ष बहुत ही जोरदार तरीके से पेश करते हुए प्रधानमंत्री ने भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था, डिजिटल क्रांति और इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को वैश्विक कंपनियों के लिए अनूठा अवसर बताया।

पीएम मोदी ने FTA पर कही ये बात

पीएम ने भारत-न्यूजीलैंड फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) का जिक्र करते हुए कहा कि इससे बाजार, निवेश, सेवाओं, तकनीक और प्रतिभाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खोलेगा।

पीएम मोदी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड पहुंचे थे। दो दिनों के कार्यक्रम के बाद वह भारत के लिए शनिवार दोपहर को रवाना हो गये।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के संबंध एक टर्निंग प्वाइंट पर हैं। संबंधों को रणनीतिक संबंध का दर्जा देना सिर्फ एक कूटनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि हमारे साझा भविष्य का नया संकल्प है।

न्यूजीलैंड द्वारा अगले 15 वर्षों में भारत में 20 अरब डॉलर के निवेश का कमिटमेंट दिया गया है, जो न सिर्फ निवेश बल्कि भारत की विकास यात्रा में सहभागी बनने का संकेत है।

दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था भारत

भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बढ़ती मध्यम वर्ग, व्यापक डिजिटल अपनाने और इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास भारतीय विकास को अनूठी बनाती है।

प्रधानमंत्री ने कारोबारी दुनिया की हस्तियों को भारत के मैन्युफैक्चरिंग का हिस्सा बनने का न्योता दिया। प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआइ) स्कीम के तहत खाद्य प्रसंस्करण से लेकर टेक्सटाइल तक 14 सेक्टर्स में करीब 20 अरब डॉलर का सपोर्ट दिया जा रहा है। एविएशन सेक्टर में भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार है। एयरपोर्ट्स, रीजनल कनेक्टिविटी और एयर कार्गो में तेज वृद्धि हो रही है।

न्यूजीलैंड के साथ मिलकर कार्गो कॉरिडोर, फ्लाइट कनेक्टिविटी और संयुक्त टूरिज्म पैकेज बना सकते हैं।पीएम मोदी ने कहा कि कीवी, सेब, शहद और सीफूड जैसे नष्ट होने वाले सामान के लिए बेहतर कार्गो सोल्यूशन विकसित किए जा सकते हैं।

कृषि क्षेत्र में न्यूजीलैंड की हॉर्टिकल्चर, दुग्ध विज्ञान विशेषज्ञता व भारतीय बाजार के लिए पूरा खेत से बाजार तक का वैल्यू चेन व वैश्विक निर्यात प्लेटफार्म बनाने का सुझाव भी पीएम मोदी ने दिए।

पीएम ने कहा, फिनटेक में भारत ग्लोबल लीडर है, जहां दुनिया की 50 प्रतिशत रियल-टाइम डिजिटल पेमेंट्स होती हैं। ग्रीन बांड्स और ब्लेंडेड फाइनेंस में भी सहयोग बढ़ाया जा सकता है। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 100 शहरों में 8,000 से अधिक परियोजनाओं पर काम चल रहा है जहां वाहन, जल व कचड़ा प्रबंधन में सहयोग के अवसर हैं।

न्यूजीलैंड के पीएम क्रिस्टोफर लक्सन ने भारत में हुए आर्थिक बदलाव को करीब से अनुभव करने की बात कही और दोनों देशों के कारोबारियों से आग्रह किया कि वे व्यापार के नये अवसर खोलने के लिए तैयार रहें।

लक्सन ने कहा, 'मैं लंबे समय से भारत का बड़ा प्रशंसक रहा हूं। मैंने पहली बार भारत की यात्रा अपनी 20 वर्ष के मध्य में की थी, जब मैं यूनिलीवर कंपनी के लिए काम करता था, जो हिंदुस्तान यूनिलीवर की मालिक है।'

क्रिस्टोफर लक्सन ने आगे बताया कि 90 के दशक के मध्य-उत्तरार्ध में जब वे भारत आए थे, तब लोग दैनिक मजदूरी सिक्कों में पाते थे। 'प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। अब मध्य वर्ग में 44 करोड़ लोग हैं, जो इस दशक के अंत तक 75 करोड़ तक पहुंचने वाले हैं।'

यह भी पढ़ें- न्यूजीलैंड के साथ UPI, डिफेंस और फ्री ट्रेड सहित 18 बड़े समझौते; पीएम मोदी के दौरे से 38000 करोड़ के पार जाएगा व्यापार